मेरी सहेली अभियान से आरपीएफ महिलाओं की सुरक्षा करेगी सुनिश्चित
रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) अब मेरी सहेली अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) अब मेरी सहेली अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। आरपीएफ मेरी सहेली अभियान के अंतर्गत ट्रेनों में सफर करने वाली सभी महिलाओं का डाटा एकत्रित करेंगी। उसके बाद उस डाटा की एक कॉपी दिल्ली डिविजन स्थित मुख्यालय को दी जाएगी। जिससे महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। ट्रेन से सफर के दौरान आरपीएफ की सहायता लेने वाली महिला यात्रियों से फीडबैक भी लेगी।
रेलवे सुरक्षा बल कुरुक्षेत्र थाना के प्रभारी विनीत गौतम ने बताया कि दिल्ली डिविजन के आरपीएफ हैडक्वार्टर ने मेरी सहेली अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत जो ट्रेन कुरुक्षेत्र से बनकर चलती है। उस ट्रेन में बैठने वाली प्रत्येक महिला यात्री का सीट नंबर, पीएनआर नंबर, मोबाइल नंबर और अन्य कुछ जानकारियां एकत्रित करेंगी। हैडक्वार्टर से रूट की संबंधित ट्रेनों के रवाना होने की जानकारी दी जाएगी।
स्टेशनों पर चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
रेलवे स्टेशन पर जागरूकता अभियान चलाकर मेरी सहेली अभियान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जिससे प्रत्येक महिला यात्री अपनी जानकारी महिला पुलिस कर्मियों को आसानी से दे सकें। इस दौरान महिलाओं को रेलवे सुरक्षा बल के हेल्पलाइन नंबर 182 के बारे में भी जागरूकता फैलाई जा रही है। जिससे ट्रेन में सफर करने वाली महिला यात्रियों को जल्द से जल्द सहायता मुहैया करवाई जा सकें।