राजकुमार सैनी बोले-मैं तो स्टार प्रचारक हूं, चुनाव नहीं लड़ूंगा
जागरण संवाददाता कुरुक्षेत्र लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के मुखिया निवर्तमान सांसद राजकुमार सैनी ने भाजपा की टिकटों का एलान होते ही चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के मुखिया निवर्तमान सांसद राजकुमार सैनी ने भाजपा की टिकटों का एलान होते ही चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन उनकी टीम मैदान में उतर रही है। वे स्टार प्रचारक के तौर पर रहेंगे। सैनी ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि वे तीन साल पहले ही चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर चुके हैं। लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन में उनकी पार्टी को भिवानी-महेंद्रगढ़ और सोनीपत की सीटें मिली हैं। बाकि आठ सीटों पर बसपा अपने प्रत्याशी उतारेगी। कुरुक्षेत्र सीट भी बसपा के खाते में आई है। कुरुक्षेत्र लोकसभा से उम्मीदवार कौन होगा? सवाल पर राजकुमार सैनी ने कहा कि दो दावेदार हैं और दोनों दूसरी पार्टियों के बड़े नेता हैं। अभी उनके नाम डिस्कलोज नहीं कर सकते, लेकिन चार-पांच दिन में शेष चार सीटों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी।