मतदाताओं के बीच में ही करवा चौथ की तैयारी
विधानसभा चुनावों को लेकर प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। मतदान का समय नजदीक आने के चलते प्रत्याशियों पर एक-एक दिन भारी पड़ रहा है। अल सुबह घर से निकले प्रत्याशी देर रात तक घर लौट पा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : विधानसभा चुनावों को लेकर प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। मतदान का समय नजदीक आने के चलते प्रत्याशियों पर एक-एक दिन भारी पड़ रहा है। अल सुबह घर से निकले प्रत्याशी देर रात तक घर लौट पा रहे हैं। ऐसे में चुनावी मैदान में उतरी महिला प्रत्याशियों ने करवा चौथ से एक दिन पहले बुधवार को भी पूरा दिन मतदाताअें के बीच लगाया। महिला प्रत्याशियों ने प्रचार के दौरान ही अपनी जरूरी तैयारियां भी निपटाई। चुनावी कार्यक्रम में ही लगवाई मेहंदी
लाडवा से जजपा की प्रत्याशी डॉ. संतोष दहिया ने बुधवार को भी दिन भर अपने कार्यक्रम जारी रखे। सुबह से देर शाम तक वह मतदाताओं के बीच रही। उन्होंने मतदाताओं के बीच में ही शाम होने पर महिला समर्थकों से मेहंदी लगवाई। उन्होंने कहा कि अब घर बैठने का समय नहीं है। वह बृहस्पतिवार को करवाचौथ का व्रत रखेंगी और दिन भर जन संपर्क अभियान भी चलाएंगी। वह पूरा दिन मतदाताओें के बीच रहेंगी। चुनाव ही उनका त्योहार
थानेसर से इनेलो की प्रत्याशी कलावती सेन भी बुधवार को दिन भर जन संपर्क अभियान में ही जुटी रही। उन्होंने कहा कि इतना समय ही नहीं है कि बाजार में जाकर करवाचौथ की तैयारी की जाए। उनके लिए तो अब यही त्योहार है। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को भी वह व्रत रखेंगी और मतदाताओं के बीच ही रहेंगी।