बृहस्पतिवार को भी बूंदाबांदी होने के आसार
मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बुधवार सुबह बूंदाबांदी के बाद दोपहर को फिर से धूप निकल आई। मगर तापमान में गिरावट आ गई। जो न्यूनतम तापमान पिछले दिनों 18 से 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। यह बुधवार को 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बुधवार सुबह बूंदाबांदी के बाद दोपहर को फिर से धूप निकल आई। मगर तापमान में गिरावट आ गई। जो न्यूनतम तापमान पिछले दिनों 18 से 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। यह बुधवार को 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में परिवर्तन आने से कमीज में दिखाई दे रहे लोग फिर से ऊनी वस्त्रों में नजर आए। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं मौसम विभाग बृहस्पतिवार को बूंदाबांदी होने के आसार अभी भी जता रहा है। साथ ही तापमान में अभी और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
बुधवार को सुबह ही आसमान पर काले बादल छा गए और बूंदाबांदी शुरू हो गई। हल्की बौछारों के बाद बूंदाबांदी शुरू हुई, जो 12 बजे तक चली। बूंदाबांदी होने के बाद मौसम में परिवर्तन आ गया। तापमान में गिरावट हो गई। मगर दोपहर दो बजे के बाद आसमान से बादल छंटने लगे और धूप निकल आई। जो धूप पिछले कई दिनों से चुभने लगी थी बुधवार को बूंदाबांदी होने के बाद वही धूप राहत दे रही थी। ठंड से बचने के लिए कई लोग धूप का लुत्फ उठाते हुए नजर आए। वहीं मौसम विभाग के अनुसार 12 मार्च को भी बूंदाबांदी होने की संभावना है, जबकि 14 मार्च तक यही स्थिति रहने का अनुमान जताया जा रहा है।