जनसंख्या असंतुलन चिंता का विषय, सरकार नीति बनाए : रामदेव
योग गुरु स्वामी रामदेव देश में असंतुलित तरीके से बढ़ रही जनसंख्या पर रोक लगाने की जरूरत बताई है । उन्होंने कहा कि जनसंख्या संतुलन के लिए केंद्र सरकार को नीति बनानी होगी, बेशक यह चीन की तरह कड़ी क्यों न हो।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : योग गुरु स्वामी रामदेव देश में असंतुलित तरीके से बढ़ रही जनसंख्या पर रोक लगाने की जरूरत बताई है । उन्होंने कहा कि जनसंख्या संतुलन के लिए केंद्र सरकार को नीति बनानी होगी, बेशक यह चीन की तरह कड़ी क्यों न हो।
स्वामी रामदेव शनिवार को यहां गुरुकुल में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल डा. देवव्रत के नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। स्वामी रामदवे व हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल समारोह के मुख्य अतिथि थे। स्वामी रामदेव ने कहा कि हाल ही में धार्मिक जनसंख्या के आंकड़े जारी किए गए हैं। संतुलित जनसंख्या नियंत्रण का होना जरूरी है। आंकड़ों को देखकर लगता है कि सरकार को संतुलित जनसंख्या की नीति बनानी चाहिए। जरूरत पड़े तो चीन की तरह काननू बनाया जाए जो सभी धर्मों पर समान रूप से लागू हो। उन्होंने कहा कि हिंदुओं और सिखों की आबादी घट रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कम उम्र में आचार्य देवव्रत को राज्यपाल जैसा बड़ा दायित्व देकर आर्यसमाज व प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि 1857 से लेकर 1947 तक देश को आजाद करवाने में महर्षि स्वामी दयानंद और उनके शिष्यों का अहम योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि आज समाज को गुरुओं की बाणी का अनुसरण करने की जरूरत है। वेद, धर्म, सत्य और पुरुषार्थ के मार्ग पर चलना चाहिए। देश में संस्कारों व नैतिकता की हो रहे ह्रास पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्हाेंने कहा कि देश को आगे बढ़ाना है तो भारत की खोई हुई पौराणिक परंपरा को फिर कायम करना होगा।
स्वामी रामदवे को सम्मानित करते डा. देवव्रत व सीएम मनोहरलाल
हिंदी के राष्ट्रीय सम्मान के लिए करुंगा कार्य : देवव्रत
समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल डॉ. देवव्रत आचार्य ने कहा कि देश की राष्ट्भाषा हिंदी है और पिछले 70 वर्षों से ही हिंदी का अपमान हो रहा है। उन्होंने कहा, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में दी गई जिम्मेवारी के साथ ही प्रदेश में हिंदी के सम्मान के लिए लगातार कार्य करुंगा। मैंने राजभवन में जाते ही सबसे पहले आदेश दिया कि मेरे पास आने वाली सभी फाइलें हिंदी में होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही राजभवन में मांस-मदिरा पर रोक लगा दी गई है। प्रदेश में जल्द ही नशा मुक्त अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने गुरुकुल कुरुक्षेत्र के छात्रों व प्रदेश के सभी लोगों को धन्यवाद किया कि उन्हें 34 वर्षों तक कार्य करने का अवसर प्रदान किया।
समारोह में मौजूद लोग।
अच्छे लोगों को साथ जोड़ना ही उद्देश्य : मनोहरलाल
मुख्यमंत्री मनोहलाल ने कहा कि प्रदेश सरकार हो या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार, राजनीति से ऊपर उठकर अच्छे लोगों को आगे लाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे देश की राजनीति में शुद्धता आएगी तथा देश का वास्तविक विकास होगा। इसका उदारहण गुरुकुल कुरुक्षेत्र के पूर्व प्राचार्य आचार्य देवव्रत हैं जिन्हें केंद्र सरकार ने हिमाचल का राज्यपाल बनाया है। उन्हाेंने कहा कि देशभर से ऐसे लोगों को बटोरने का कार्य किया जा रहा है।