गीता महोत्सव में पर्यटकों को चढ़ा राहगीरी का रंग
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में पर्यटक देश के विभिन्न राज्यों के लोक नृत्यों और सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद ले रहे।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र: अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में पर्यटक देश के विभिन्न राज्यों के लोक नृत्यों और सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद ले रहे थे, लेकिन राहगीरी में हरियाणवी लोक नृत्यों और चुटकुलों का रंग पर्यटकों के चेहरों पर साफ नजर आया। इस राहगीरी कार्यक्रम में पर्यटकों ने खूब आनंद लिया। अहम पहलू यह है कि इस राहगीरी का थीम भ्रष्टाचार मुक्त समाज का निर्माण करना रखा गया। गीता महोत्सव पर ब्रह्मसरोवर के गार्गी घाट पर पुलिस प्रशासन की तरफ से राहगीरी का मंच सजाया गया। इस मंच पर विभिन्न प्रदेशों से आए कलाकारों ने जहां लोगों का मनोरंजन किया, वहीं स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से खूब वाहवाही लूटी। इस मंच को एक सूत्र पर पिरोने का काम सब इंस्पेक्टर ट्रैफिक कोऑडिनेटर नरेश सागवाल ने किया।