अनाज मंडियों में तेज हुई धान की आवक, तैयारियां अधूरी
कुरुक्षेत्र। पिछले एक सप्ताह भर से अनाज मंडियों में धान की आवक शुरू हो गई है। खेत में खड़ी फसल पककर तैयार होने पर अब अनाज मंडियों में आवक भी तेज हो गई।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
पिछले एक सप्ताह भर से अनाज मंडियों में धान की आवक शुरू हो गई है। खेत में खड़ी फसल पककर तैयार होने पर अब अनाज मंडियों में आवक भी तेज हो गई। अनाज मंडियों में धान की आवक बढ़ने पर भी अभी तक मंडी प्रशासन की ओर से साफ-सफाई को दुरुस्त करने सहित कई अन्य तैयारियां पूरी नहीं की गई हैं। अनाज मंडियों में कई जगह सड़कें टूटी पड़ी हैं और गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। इतना ही नहीं अभी तक मंडी परिसर में लाइटों की व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया है। इस अनदेखी से आढ़तियों के साथ-साथ किसानों में भी रोष है।
गौरतलब है कि करीब 10 दिनों से अनाज मंडियों में धान की आवक शुरू हो गई है। फिलहाल 1509 किस्म की धान ज्यादा पहुंच रही है। इसके साथ-साथ अब मंडियों में पीआर किस्म की धान भी पहुंचने लगी है। हालांकि अभी तक पीआर की सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई है। ऐसे में किसान अपनी धान की अनाज मंडी में ही पहरेदारी कर रहे हैं। सरकार की ओर अभी 25 सितंबर तक खरीद शुरू करने की बात कही जा रही है। अधिकारी भी इसी समय के हिसाब से अपनी तैयारियों को पूरा कर रहे हैं। इन्हीं अधूरी तैयारियों के कारण अनाज मंडियों में पहुंचे किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अनाज मंडियों शैडों के नीचे पड़ी गंदगी को आढ़ती अपने मजदूर लगाकर साफ करवा रहे हैं। किसान महावीर सिंह ने बताया कि रात के समय अनाज मंडी लाइट व्यवस्था ठीक न होने पर अंधेरे में किसानों को परेशानी हो रही है। अधिकारियों को चाहिए कि फसल की आवक को देखते हुए मंडियों में तैयारी पूरी करें।
---
मंडी में फड़ पर डली झोपड़ियां
अभी तक थानेसर की नई अनाज मंडी में एक फड़ पर कुछ लोग झोपड़ियां डालकर रह रहे हैं। इन्हें अभी तक हटाया नहीं गया है। इतना ही नहीं अनाज मंडी धर्मशाला के पास गंदगी के ढेर लगे पड़े हैं और इसके साथ ही केडीबी रोड की ओर से मंडी में आने वाले रास्ते को भी अभी ठीक नहीं किया गया है।
----
जल्द पूरी कर दी जाएंगी तैयारियां
थानेसर मार्केट कमेटी के सचिव हरजीत सिंह ने बताया कि सफाई के लिए सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगा रखी है। मंडी में सफाई का काम तेजी से चल रहा है। अभी धर्मशाला के साथ लगती सड़क पर सफाई बाकी है वह भी जल्द कर दी जाएगी। इसके साथ ही तीन दिन के अंदर मंडी की लाइटिग व्यवस्था को भी ठीक कर दिया जाएगा। सड़कों को भी ठीक करने का काम चल रहा है। बहुत जल्द सभी तैयारियां पूरी कर दी जाएंगी।