सेक्टर तीन की एक और महिला की मौत, पांच दिन पहले पेट में दर्द उठा था
सेक्टर तीन में पीलिया का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। बृहस्पतिवार को सेक्टर तीन निवासी 38 वर्षीय एक और महिला की मौत हो गई है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : सेक्टर तीन में पीलिया का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। बृहस्पतिवार को सेक्टर तीन निवासी 38 वर्षीय एक और महिला की मौत हो गई है। महिला को रविवार को पेट में असहनीय दर्द उठा था। यहां उपचार के बाद भी जब दर्द ठीक नहीं हुआ तो उसे कैथल स्थित मायके ले जाया गया था। यहां निजी अस्पताल में उपचार के बाद उसे दिल्ली ले जाया गया। पांच दिन के अंदर ही महिला की मौत हो गई। हालांकि महिला के मौत के कारणों की पुष्टि अब तक नहीं हुई है। परिजनों ने महिला को गुर्दे में इंफेक्शन होना बताया है।
इससे पहले पीलिया से सोनिया और उसके गर्भ में पल रहे सात माह के बच्चे की मौत हो चुकी है। अब तक 24 से ज्यादा पीलिया के मरीज सेक्टर तीन में मिल चुके हैं।
कैथल निवासी सन्नी ने बताया कि उसकी बहन मंजीत कौर कुरुक्षेत्र स्थित सेक्टर तीन में रहती थी। रविवार को उसे पेट में असहनीय दर्द उठा। शहर में ही उसका उपचार कराया गया। मगर जब उसकी हालत ठीक नहीं हुई तो वे उसे अपने साथ कैथल ले आए। यहां पर एक निजी अस्पताल में उपचार कराया लेकिन जब उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे दिल्ली अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। सन्नी ने बताया कि उसकी बहन को गुर्दे में इंफेक्शन बताया गया था। वहीं डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुदेश सहोता ने बताया कि टीम घर पर भेजी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही कुछ बताया जा सकेगा।