सड़क दुर्घटना में एक की मौत, चार घायल
जीटी रोड पर गांव मोहड़ी के पास हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए हैं। घायलों को राहगीरों की मदद से शाहाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल के लिए रेफर किया।
संवाद सहयोगी, शाहाबाद : जीटी रोड पर गांव मोहड़ी के पास हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए हैं। घायलों को राहगीरों की मदद से शाहाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल के लिए रेफर किया। अस्पताल पहुंचने पर गंभीर रूप से घायल रोशन लाल की मौत हो गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के गांव खेलिया निवासी बिशन कुमार ने बताया कि वह बोलेरो पिकअप पर चालक है। इन दिनों पंजाब के जिला मोहाली के खरड़ में किराए पर रहता है। वह अपनी गाड़ी से उत्तरप्रदेश के बरेली सामान छोड़कर वापस आ रहा था। उसके साथ कर्ण, रोशन लाल, राजकुमारी व रवि भी थे। रात्रि में करीब 12 बजे जब वह शाहाबाद मारकंडा को पार कर गांव मोहड़ी के पास पहुंचा तो पीछे से आ रही एक बोलेरो के चालक लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर उसे, राजकुमारी, कर्ण, इंद्रजीत, रोशनलाल और रवि को चोट पहुंची। हादसे के बाद राहगीरों ने उन्हें निजी वाहनों से शाहाबाद के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया। इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल रोशन लाल की मृत्यु हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार जनों को सौंप दिया है। मोहड़ी के पास अक्सर होते हैं हादसे
जीटी रोड पर गांव मोहड़ी के पास अक्सर हादसे होते रहते हैं। करीब दो माह में ही मोहड़ी के आस-पास चार सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। इन सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। शनिवार की रात को हुए हादसे में भी एक मौत हो गई है।