अब कई दिनों तक सताएगी उमस भरी गर्मी
कुरुक्षेत्र। पिछले कई दिनों से आसमान में बादल चाल होने पर गर्मी से राहत के बाद अब आने वाले दिनों में उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : पिछले कई दिनों से आसमान में बादल चाल होने पर गर्मी से राहत के बाद अब आने वाले दिनों में उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अब कई दिनों तक आसमान साफ रहने से तापतान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। शुक्रवार का तापमान बढ़कर 36 डिग्री पहुंच गया है। न्यनूतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने पर लोगों को रात में ठंड का अहसास हुआ। हवा में नमी का स्तर 72 फीसद रहा है। इसी तरह हवा की गति भी चार से छह किलोमीटर प्रतिघंटा रही है।
ऐसे मौसम में फसलों को तेले से खतरा
इस तरह का मौसम कीड़ों के पनपने के लिए अनुकूल है। दिन में मौसम गर्म होने और रात में ठंड होने से फसलों में कई तरह के कीड़े पैदा होते हैं। ऐसे मौसम में सामान्य तौर पर पैदा होने वाला सफेद कीट वाला तेला फसलों को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे बचाव के लिए जरूरी है कि किसान अपनी फसल पर नजर रखें और किसी भी तरह की समस्या आने पर कृषि विशेषज्ञों की सलाह पर उपचार करें।
खेत में अलग-अलग जगहों से सूखने लगेगी फसल
कृषि विशेषज्ञ डा. विनोद कुमार ने कहा कि सफेद कीट वाला तेला पत्ते से रस चूसता है। इससे तना सूखने लगता और सफेद हो जाता है। ऐसे में खेत में अलग-अलग जगहों से फसल सूखने लगती है। अगर इस तरह की कोई समस्या दिखती है तो तुरंत कृषि विशेषज्ञ की सलाह लेकर ही उचित उपचार किया जाएं। इसी तेले से नुकसान का डर रहता है। इन दिनों में ज्यादातर फसलें पककर तैयार होने को हैं।