खेल महाकुंभ के लिए जिला भर में नौ स्थान तय
31 अक्टूबर को शुरू होने वाले जिला स्तरीय खेल महाकुंभ को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग ने कमर कस ली है। इसके लिए जिले भर में नौ स्थान निर्धारित किए गए हैं जहां पर अलग-अलग खेलों के लिए मुकाबले होंगे।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : 31 अक्टूबर को शुरू होने वाले जिला स्तरीय खेल महाकुंभ को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग ने कमर कस ली है। इसके लिए जिले भर में नौ स्थान निर्धारित किए गए हैं, जहां पर अलग-अलग खेलों के लिए मुकाबले होंगे। इसके लिए विभाग की ओर से 100 के लगभग अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। इनमें विभाग के 30 कोच और 24 खेल नर्सरियों के कोच भी शामिल हैं। खेल महाकुंभ के अंतर्गत 15 तरह के खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए मंगलवार शाम तक ही 900 के लगभग लोगों ने पंजीकरण करवाया था। विभाग की ओर से अंतिम समय तक पंजीकरण का मौका दिए जाने पर विचार किया जा रहा है। स्टेडियम में चल रहा सिथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण कार्य
द्रोणाचार्य स्टेडियम में सिथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण कार्य चल रहा है। ट्रैक का निर्माण कार्य चलने पर स्टेडियम में प्रतियोगिताओं नहीं हो सकती। ऐसे में कई प्रतियोगिता के लिए अलग-अलग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पिहोवा, शाहाबाद और लाडवा में ही होंगे मुकाबले
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी यशबीर सिंह ने बताया कि खेल महाकुंभ के अंतर्गत पिहोवा, शाहाबाद और लाडवा में स्थल निर्धारित किए गए हैं। इसके लिए नौ जगह निर्धारित की गई हैं। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर से एक नवंबर तक पिहोवा के डीएवी कॉलेज में तीरंदाजी प्रतियोगिता होगी। 31 अक्टूबर से दो नवंबर तक एथलेटिक्स और फुटबाल प्रतियोगिता कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के खेल मैदान में होगी। 31 से एक नवंबर तक बास्केट बाल, मुक्केबाजी, कबड्डी, हॉकी, जूडो, वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन द्रोणाचार्य स्टेडियम में किया जाएगा। इसी तरह जिमनास्टिक प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से एक नंवबर तक विज्डम वर्ल्ड स्कूल कुरुक्षेत्र में किया जाएगा। एक से दो नवंबर तक हैंडबाल प्रतियोगिता का आयोजन शाहाबाद के सतलुज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में होगा। 31 अक्टूबर से एक नवंबर तक रेसलिंग प्रतियोगिता गुरुनानक स्कूल रेलवे रोड में करवाई जाएगी। इसी तरह 31 अक्टूबर से एक नवंबर तक भारोतोलन प्रतियोगिता लाडवा के बड़ौदा में सीनियर सेकेंडरी स्कूल में करवाई जाएगी। 31 अक्टूबर से दो नवंबर तक वुशू प्रतियोगिता का आयोजन गुरुकुल कुरुक्षेत्र में करवाया जाएगा और ताइक्वांडो के लिए लाडवा के ककराली गांव के अष्टविनायक पब्लिक स्कूल में स्थान तय किया गया है।