मां-बेटी को सांप ने डसा, बेटी की मौत, मां गंभीर
कुरुक्षेत्र लाडवा के डेरा मुरादनगर स्थित खेतों में घास काटने गई मां-बेटी को सांप ने डस लिया।
जागरण संवाददाता कुरुक्षेत्र : लाडवा के डेरा मुरादनगर स्थित खेतों में घास काटने गई मां-बेटी को सांप ने डस लिया। दोनों को उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल लाया गया जहां सात वर्षीय बेटी की मौत हो गई। वहीं खबर लिखे जाने तक महिला की हालत भी नाजुक बनी हुई थी।
सोनीपत के एक गांव निवासी प्रकाशो देवी ने बताया कि उसकी बेटी अनीता सात वर्षीय नातिन हिना के साथ खेतों में घास काटने गई थी। वह अकेली ही घर से आने वाली थी, लेकिन उसकी बेटी हिना भी उसके साथ चलने के लिए जिद करने लगी। अनीता घास काट रही थी और अनीता की बेटी हिना पास में ही उसकी मदद करा रही थी। अचानक उसके सामने सांप आ गया। बेटी ने जैसे ही सांप-सांप बोला तभी सांप ने उसके हाथ पर काट लिया। अनीता ने उसे देखते ही सांप को पीछे हटाने का प्रयास किया तो सांप ने उसके गले पर डस लिया। दोनों अचेत होकर वहीं गिर गए। खेतों में नजदीक काम कर रहे लोगों ने दोनों को एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया जहां हिना को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि चिकित्सक महिला का इलाज करने में जुट गए।