साइक्लोथान रैली से दिया बेटी बचाने का संदेश
जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई के खर्च बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और साइकिल की सवारी के उद्देश्य से निकाली जा रही उम्मीद 1000 साइकिल दौड़ रैली दिन धर्मनगरी पहुंची।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई के खर्च, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और साइकिल की सवारी के उद्देश्य से निकाली जा रही उम्मीद 1000 साइकिल दौड़ रैली दिन धर्मनगरी पहुंची। जिले में पहुंचने पर पुलिस कर्मी नीलोखेड़ी से रैली में शामिल हुए और शाहाबाद तक भाग लिया। कुरुक्षेत्र में एसपी आस्था मोदी और पुलिस के आला अधिकारियों ने प्रतिभागियों का स्वागत किया। एसपी ने कुरुक्षेत्र से झंडी दिखा कर रैली को रवाना किया।
एसपी आस्था मोदी ने बताया कि उम्मीद 1000 साइक्लोथान साइकिल रैली की शुरुआत राजस्थान के ऊधमपुर से शुरू होकर जिला अमृतसर पंजाब तक चलेगी। यह रैली 10 नवम्बर 2019 से शुरू होकर 20 नवंबर 2019 तक चलेगी। उदयपुर से शुरू होकर दिल्ली, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पटियाला से होते हुए अमृतसर पहुंचेगी। रविवार को उम्मीद 1000 साइक्लोथान साइकिल रैली के नौवें दिन की शुरूआत जिला करनाल से इंद्री के रास्ते नीलोखेड़ी पहुंची। नीलोखेड़ी से आगे का सफर जिला पुलिस जवानों के साथ किया। । एसपी की अध्यक्षता में डीएसपी मुख्यालय ममता सौदा को नोडल आफिसर नियुक्त किया गया। जिनकी अध्यक्षता में उम्मीद 1000 साइक्लोथान के अमरदीप सिंह और चेयरमैन टी मुरलीधरन के साथ आरबीएल बैंक के लगभग 38 साइकिल धावकों और 60 साइकिलों पर जिला पुलिस कुरुक्षेत्र के कर्मचारी व अधिकारी थे। रैली को पिपली के रास्ते से होते हुए शाहाबाद मारकंडा से अंबाला पुलिस कर्मचारियों-अधिकारियों के हवाले किया। एसपी आस्था मोदी ने बताया कि रैली का उद्देश्य आम लोगों में जागरूकता फैलाने के साथ साथ जो धन एकत्रित होगा, उस धन को जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई के लिए खर्च किया जाएगा। इस रैली से आम लोगों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही यह बताया जा रहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए कितना लाभदायक है। प्रत्येक नागरिक को प्रति दिन लगभग 10 किलोमीटर साइकिल चलाना चाहिए। प्रतिदिन साइकिल चलाने से कई प्रकार की बीमारियों से छुटकारा मिल सकता है।