शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए प्रभावी संचार कौशल विकसित करना जरूरी : कुमार
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (निट) के मानविकी और सामाजिक विज्ञान विभाग की ओर से शुक्रवार को संचार कौशल विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर संस्थान के निदेशक पद्मश्री डॉ. सतीश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों में शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ प्रभावी संचार कौशल विकसित किया जाना भी जरूरी है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (निट) के मानविकी और सामाजिक विज्ञान विभाग की ओर से शुक्रवार को संचार कौशल विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर संस्थान के निदेशक पद्मश्री डॉ. सतीश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों में शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ प्रभावी संचार कौशल विकसित किया जाना भी जरूरी है। शिक्षा को रोजगारपरक बनाने के लिए एक समूह को विकसित किया जाना चाहिए, जो अनुकूल माहौल बनाए रखे। उन्होंने कहा कि सभी सॉफ्ट स्किल्स में से किसी भी कार्य स्थल पर सफल होने के लिए कम्युनिकेशन स्किल सबसे महत्वपूर्ण स्किल है। संचार कौशल की ना केवल हमारे दैनिक व्यक्तिगत जीवन में जरूरत है, बल्कि पेशेवर जीवन में भी इसकी बहुत आवश्यकता है। उन्होंने इस तरह की कार्यशाला के आयोजन की पहल करने के लिए संयोजक प्रो. विकास चौधरी और समन्वयक डॉ. शाहिदा को बधाई दी।
कार्यशाला के पहले सत्र में गुरु जंभेश्वर विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय हिसार के डीन मीडिया स्टडीज डॉ. विक्रम कौशिक ने विद्यार्थियों को साक्षात्कार कौशल का एक विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने प्रभावी संचार के लिए साक्षात्कार के दौरान शरीर की भाषा के उचित उपयोग पर जोर दिया। उनका संबोधन संवादात्मक था, जो प्रतिभागियों की ओर से सराहा गया। यह कार्यशाला विद्यार्थियों को पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन में संचार और पारस्परिक कौशल के महत्व की समझ लाने के लिए आयोजित की गई।