द्रोणाचार्य स्टेडियम में शीघ्र बनेगा हॉकी एस्ट्रोट्रफ:सुधा
थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि द्रोणाचार्य स्टेडियम के साथ ही खिलाड़ियों के लिए हॉकी एस्ट्रोट्रफ का खेल मैदान बनाया जाएगा। इस परियोजना के लिए राज्य सरकार से लगातार बातचीत की जा रही है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र: थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि द्रोणाचार्य स्टेडियम के साथ ही खिलाड़ियों के लिए हॉकी एस्ट्रोट्रफ का खेल मैदान बनाया जाएगा। इस परियोजना के लिए राज्य सरकार से लगातार बातचीत की जा रही है। जैसे ही स्टेडियम के साथ लगती भूमि खेल विभाग को हस्तांरित हो जाएगी, निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। विधायक सुभाष सुधा द्रोणाचार्य स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यो का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले विधायक सुभाष सुधा ने जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग अधिकारी यशवीर सिंह से द्रोणाचार्य स्टेडियम में बन रहे सिथेटिक ट्रैक की प्रगति रिपोर्ट बारे फीडबैक ली। विधायक ने कहा कि द्रोणाचार्य स्टेडियम में आठ करोड़ रुपये की लागत से सिथेटिक ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि द्रोणाचार्य स्टेडियम के पुनर्निर्माण पर एक करोड़ 64 लाख रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है। अभी भी इस कार्य पर करीब 80 लाख रुपये का अतिरिक्त बजट खर्च किया जाएगा।