पर्यटकों के लिए खुला शेख चेहली का मकबरा
कुरुक्षेत्र पर्यटकों व घूमने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। बुधवार को हरियाणा का ताज कहे जाने वाला शेख चहेली मकबरा पर्यटकों के लिए खुल गया।
फोटो - 12
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : पर्यटकों व घूमने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। बुधवार को हरियाणा का ताज कहे जाने वाला शेख चहेली मकबरा पर्यटकों के लिए खुल गया। हालांकि संग्रहालय व दूसरे पर्यटनस्थलों के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। मगर शेख चहेली मकबरा में पहले ही दिन पर्यटक पहुंचना शुरू हो गए। सरकार ने अभी भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अंतर्गत आने वाले दार्शनिक स्थलों को खोलने की इजाजत दी है।
गौरतलब है कि अब कोरोना वायरस का प्रभाव अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। सरकार ने लाकडाउन में कई तरह की छूट देनी शुरू कर दी है। बुधवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अंतर्गत आने वाला शेख चहेली मकबरा भी खुल गया। पहले ही दिन इसे देखने के लिए पर्यटकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। आसपास पर व दूर दराज क्षेत्रों से कई लोग हरियाणा के इस ताजमहल को देखने पहुंचे। हालांकि संग्रहालयों को खोलने की स्वीकृति अभी नहीं आई है। बंद होने की वजह से पिछली बार भी संग्रहालयों को सबसे आखिर में खोलने की इजाजत दी गई थी और इस बार भी श्रीकृष्णा संग्रहालय, पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र और हरियाणा धरोहर को खोलने की स्वीकृति नहीं मिली है। इसकी वजह से इन संग्रहालयों में आने वाले पर्यटकों को मायूस ही वापस लौटना पड़ रहा है।
दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बना : इशान
शेख चहेली मकबरा देखने आए इशान ने बताया कि घर बैठे-बैठे वे और उनके दोस्त काफी ऊब गए थे। कहीं घूमने की इच्छा हो रही थी, लेकिन लाकडाउन के चलते सब दार्शनिक स्थल बंद थे। ऐसे में उन्हें सुबह पता लगा कि सुबह स्मारक खुल जाएंगे। उन्होंने दोस्तों के साथ प्लान बनाया और शेख चहेली मकबरा आ गए। यह बहुत ही सुंदर दार्शनिक स्थल है। इसके अलावा श्रीकृष्णा संग्रहालय भी गए थे, लेकिन वह बंद मिला।