गांधी जयंती पर सत्याग्रह आंदोलन चलाएगा अध्यापक संघ
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ ने प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी करने के विरोध में गांधी जयंती पर तीन घंटे तक लघु सचिवालय परिसर में सत्याग्रह करने का फैसला लिया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ ने प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी करने के विरोध में गांधी जयंती पर तीन घंटे तक लघु सचिवालय परिसर में सत्याग्रह करने का फैसला लिया है। इतना ही नहीं 10 सितंबर को शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों पर लाठी चार्ज और पानी की बौछार डालने के विरोध में 18 सितंबर को सर्व कर्मचारी संघ के जेल भरो आंदोलन में भी हिस्सा लिया जाएगा। संघ की रविवार को जिला स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सतबीर नरवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर रही है। अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करने पर बल प्रयोग कर आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। इससे कर्मचारियों में प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष है।
उन्होंने कहा कि इसी रोष स्वरूप हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ ने सर्व कर्मचारी संघ के प्रस्तावित आंदोलनों में बढ़-चढ़ हिस्सा लेने का फैसला लिया है। जिला सचिव वीरेंद्र गढ़ी रोड़ान ने कहा कि एचआरए लागू करने, वेतन विसंगतियां दूर करने, सक्षम बजट, स्थानांतरण व पदोन्नतियां को लेकर 26 सितंबर को प्रदेश के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के निवास का घेराव किया जाएगा। इसके बाद सर्व कर्मचारी संघ द्वारा प्रस्तावित 15 नवंबर की राज्य स्तरीय हड़ताल में हिस्सा लिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न कर्मचारियों की बहुउद्देशीय कर्मचारी, नगर पालिका, रोडवेज, बिजली कर्मचारी व अतिथि अध्यापक की मांगों को लेकर उनके साथ दो अक्टूबर को उपायुक्त कार्यालय पर सत्याग्रह आंदोलन चलाया जाएगा। इस मौके पर दयानंद, सतबीर, ईश्वर आर्य, हरकेश, राजबीर, तीलकराज, बलवान, सुरेंद्र, नरेश, सुदर्शन व ओमबीर यादव मौजूद रहे।