कर्मचारियों की मांगों पर टालमटोल का रवैया अपना रही सरकार : ओमप्रकाश
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान ओम प्रकाश ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों की मांगों पर टालमटोल का रवैया अपना रही है। कई बार आंदोलन करने के बावजूद सरकार उन्हें टरका रही है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान ओम प्रकाश ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों की मांगों पर टालमटोल का रवैया अपना रही है। कई बार आंदोलन करने के बावजूद सरकार उन्हें टरका रही है। उन्होंने बताया कि 21 जनवरी को उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से हुई बातचीत में भी समस्याओं का कोई हल नहीं निकला है। सरकार कर्मचारियों की समस्याओं को सुनने के बाद टरका रही है। इससे कर्मचारियों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही है। कर्मचारियों को अपनी मांग पूरी करवाने के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा। वह बृहस्पतिवार को संघ की बैठक को संबोधित कर रहे थे। राज्य कमेटी की ओर से रोडवेज के राज्य प्रधान इंद्र सिंह ने कहा कि कर्मचारियों ने संघर्ष के दम पर बड़ी से बड़ी समस्याओं का समाधान करवाया है। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी फेडरेशन के 60वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में उन्होंने फेडरेशन के क्रांतिकारी इतिहास की जानकारी दी। इस मौके पर महाबीर दहिया, सुरेश गुड्ढा, बलवंत देशवाल, सुरेंद्र यादव, बलदेव राज, बाल किशन, कृष्ण, मक्खन सिंह, कदम शर्मा, हेम राज, आनंद सिंह, रोशन लाल, चंद्रभान मौजूद रहे।