जिओ-टैगिग विधि से जुड़े प्रतिभागी देशभर में कर रहे पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता लाने के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वनस्पति विभाग की ओर से शुरू किए गए जिओ-टैगिग अभियान से देश भर के पर्यावरण प्रेमी जुड़ रहे हैं। इस अभियान के साथ पहले ही चरण में देश भर से जुड़े 280 लोगों ने पौधारोपण किया था।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता लाने के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वनस्पति विभाग की ओर से शुरू किए गए जिओ-टैगिग अभियान से देश भर के पर्यावरण प्रेमी जुड़ रहे हैं। इस अभियान के साथ पहले ही चरण में देश भर से जुड़े 280 लोगों ने पौधारोपण किया था। इनमें से करीब 100 प्रतिभागियों ने अब दूसरे चरण में भी पौधारोपण की फोटो भेजी है। वनस्पति विज्ञान विभाग की ओर से इस अभियान के विजेताओं को प्लांट वारियर अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
विभाग की अध्यक्ष डा. नीलू सूद ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य प्रकृति की रक्षा और वृक्षों के संरक्षण के लिए हाथ से हाथ मिलाकर चलना और प्रत्येक व्यक्ति एक व्यक्ति को पौधा रोपण के लिए प्रेरित करना था। जिओ-टैगिग तकनीक के माध्यम से देशव्यापी रूप से इस पर्यावरण संरक्षण अभियान की निगरानी की गई। उन्होंने बताया कि शुरुआत में यह अभियान प्रदेश के प्रतिभागियों के लिए ही शुरू किया गया था। पर्यावरण प्रेमियों की रुचि को देखते हुए इसे अन्य राज्यों के लिए खोला गया। इसके बाद आंध्रप्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब और चंडीगढ सहित अन्य राज्यों से भी पर्यावरण प्रेमी इस वृक्षारोपण अभियान में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 280 प्रतिभागी और उनके परिवार के सदस्य गूगल फार्म के माध्यम से इस अभियान से जुड़े। अक्टूबर माह से शुरू होने के बाद तीन माह होने पर 100 प्रतिभागी दूसरे चरण में भी अभियान से जुड़े। अब जनवरी के अंतिम सप्ताह में सभी प्रतिभागियों की ओर से तीसरे चरण में इन पौधों की तस्वीर भेजी जाएगी। इसके बाद निर्णायक मंडल की ओर विजेता घोषित किए गए पर्यावरण प्रेमी को प्लांट वारियर अवार्ड से पुरस्कृत किया जाएगा।