कुरुक्षेत्र से खजुराहो तक चलेगी गीता जयंती एक्सप्रेस ट्रेन
धर्मनगरी से मध्य प्रदेश के खजुराहो के प्राचीन व मध्यकालीन मंदिरों को देखने वाले पर्यटकों के लिए एक अच्छी खबर हैं। रेलवे ने कुरुक्षेत्र से चलकर मथुरा जाने वाली गीता जंयती एक्सप्रेस ट्रेन को खजुराहो तक चलाने का फैसला लिया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : धर्मनगरी से मध्य प्रदेश के खजुराहो के प्राचीन व मध्यकालीन मंदिरों को देखने वाले पर्यटकों के लिए एक अच्छी खबर है। रेलवे ने कुरुक्षेत्र से चलकर मथुरा जाने वाली गीता जयंती एक्सप्रेस ट्रेन को खजुराहो तक चलाने का फैसला लिया है। यह ट्रेन 27 अप्रैल को खजुराहो से चलेगी और कुरुक्षेत्र से 28 अप्रैल को प्रभावी हो जाएगी। खजुराहो के मंदिरों को देखने वाले पर्यटकों को यहां से सीधी ट्रेन मिलेगी। इससे पहले खजुराहो जाने वाले पर्यटकों को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन दिल्ली से उत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में जाना पड़ता था।
खजुराहो मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित एक प्रमुख शहर है। जो अपने प्राचीन व मध्यकालीन मंदिरों के लिए जाना जाता है। यहां प्राचीन हिदू और जैन मंदिर हैं। खजुराहो इसके अलंकृत मंदिरों की वजह से जाना जाता है। प्रदेश के नौ स्टेशनों पर मिलेगी सुविधा
11842 कुरुक्षेत्र-खजुराहो गीता जयंती एक्सप्रेस ट्रेन का 26 स्टेशनों पर ठहराव किया जाएगा। इनमें प्रदेश के नौ स्टेशन होंगे। जिसमें कुरुक्षेत्र, नीलोखेड़ी, करनाल, पानीपत, समालखा, सोनीपत, फरीदाबाद, पलवल व होडल हैं। ट्रेन कुरुक्षेत्र से दोपहर 2:55 मिनट पर चलेगी और खजुराहो अगले दिन सुबह 8 बजे पहुंचेगी। वहीं खजुराहो से शाम 6:35 पर चलेगी और कुरुक्षेत्र दोपहर 12:40 पर पहुंचेगी। ट्रेन नंबर बदला जाएगा
गीता जयंती एक्सप्रेस ट्रेन का नंबर बदला जाएगा। अब गीता जयंती ट्रेन को 11901 व 11902 नंबरों से चलाया जा रहा है। 27 अप्रैल को इसका नंबर बदलकर 11841 व 11842 किया जाएगा। ट्रेन में 21 कोच दिए जाएंगे। ट्रेन में सामान्य कोच अधिक रखे गए हैं। जिसमें वातानुकूलित प्रथम व द्वितीय श्रेणी के एक-एक कोच, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के दो कोच, शयनयान के पांच, एमएलआर के दो व सामान्य श्रेणी के 10 कोच लगाए गए हैं। वर्जन
गीता जयंती एक्सप्रेस ट्रेन का रूट खजुराहो तक किया गया है। यह 27 अप्रैल से प्रभावी हो जाएगी। पर्यटक खजुराहो और कुरुक्षेत्र आसानी से आ जा सकेंगे।
- एसएन गुप्ता, स्टेशन अधीक्षक, कुरुक्षेत्र।