बूंदाबांदी से बढ़ी ठंडक, 10 डिग्री तक आया तापमान
धर्मनगरी में रविवार को हुई बूंदाबांदी से ठंडक बढ़ गई है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : धर्मनगरी में रविवार को हुई बूंदाबांदी से ठंडक बढ़ गई है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने पर मंगलवार की सुबह लोगों ने सैर पर निकलने से परहेज किया। सामान्य दिनों के मुकाबले सड़कों पर चहल-पहल भी कम दिखी। रविवार को हुई औसतन 19 एमएम बूंदाबांदी के बाद न्यूनतम तापमान भी छह डिग्री तक कम हो गया है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान भी चार डिग्री तक घटकर 27 से 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों ने आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री तक पहुंचने का अनुमान जताया है। मंगलवार को सुबह धूप खिलने के बाद तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा है, जबकि अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हवा में नमी का स्तर 76 फीसद रहा है। इसी के साथ हवा की गति छह किलोमीटर प्रतिघंटा रही है। सुबह-सुबह अच्छी धूप खिलने से लोगों को एकाएक बढ़ी ठंड से कुछ राहत भी मिली है।
नवंबर माह के मध्य में हुई इस बूंदाबांदी के साथ ठंड की भी शुरुआत हो गई है। लोग ठंड से बचने के लिए सुबह और शाम गर्म कपड़ों से लिपटे दिख रहे हैं। चिकित्सकों की ओर से भी लोगों को ठंड से बचाव के उचित प्रबंध करने की हिदायत दी गई है। अक्सर इन्हीं दिनों में लापरवाही बरतने पर लोग ठंड की चपेट में आ जाते हैं। छाती रोग विशेषज्ञ डा. एनके झांब ने इन दिनों में बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर ज्यादा ध्यान देने की सलाह दी है। उन्होंने बच्चों को गर्म कपड़े पहनाकर रखने और ज्यादा ठंडे पेय पदार्थ के सेवन से दूर रखने की बात कही है।
आने वाले दिनों में बढ़ेगी ठंड
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डा. प्रद्युम्मन भटनागर ने बताया कि अब ठंड की शुरुआत हो गई है। अगले सप्ताह भर तक न्यूनतम तापमान आठ से 10 डिग्री के बीच रहेगा। ऐसे में ठंड से बचाव के उचित प्रबंध करके ही घरों से निकलें। इन दिनों में बूंदाबांदी के बाद अक्सर ठंड बढ़ जाती है। बूंदाबांदी के चलते गेहूं की बिजाई का काम प्रभावित हुआ है। अब मौसम साफ होने और मिट्टी में नमी कम होने पर ही बिजाई का काम शुरू हो सकेगा।