आर्थिक तंगी झेल रहे कुवि को 63 करोड़ रुपये मिले
पिछले कई माह से आर्थिक तंगी झेल रहे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को 63 करोड़ की राशि मिल गई है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कई माह से आर्थिक तंगी झेल रहे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को 85 करोड़ रुपये की ग्रांट जारी होने पर राहत मिली है। प्रदेश सरकार की ओर से यह राशि दो किस्तों में जारी की गई है। इसकी पहली किस्त मई माह में 21 करोड़ 25 लाख रुपये जारी की गई थी। अब दूसरी किस्त 63 करोड़ 75 लाख रुपये की जारी कर दी गई है। यह राशि जारी होते ही सोमवार को कुवि प्रशासन की ओर से सभी कर्मचारियों का मई माह का वेतन जारी कर दिया गया है। कर्मचारियों ने इसके लिए कुलपति डा. नीता खन्ना का आभार व्यक्त किया है।
कुलपति डा. नीता खन्ना ने कहा कि प्रदेश के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विशेष सहयोग से कोरोना महामारी के चलते सरकार की ओर से कुवि को यह ग्रांट जारी हुई है। सरकार की ओर से ग्रांट मिलते ही विश्वविद्यालय के शिक्षकों व कर्मचारियों का वेतन तथा पेंशनरों की पेंशन तुरंत उनके खातों में डाल दी गई हैं। उन्होंने साल 2020-21 की बजट ग्रांट के लिए मुख्यमंत्री, राज्यपाल एवं वित्त विभाग हरियाणा का विशेष रूप से धन्यवाद किया है।
कुटा उपप्रधान ने किया प्रशासन का धन्यवाद
कोविड 19 को लेकर पैदा हुए आर्थिक संकट में अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन के लिए बजट लेकर आने पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कुटा) के उपप्रधान डा. दीपक राय बब्बर ने कुलपति का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि वेतन जारी होने पर कर्मचारियों में खुशी की लहर है। वेतन और अन्य जरूरी खर्चों के लिए बजट ग्रांट लेकर आने पर कुलपति के विशेष प्रयासों के लिए कुटा उनका धन्यवाद करती है।
कुंटिया ने भी जताया आभार
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय गैर शिक्षक कर्मचारी संघ (कुंटिया) ने भी कोविड 19 के इस दौर में प्रदेश सरकार की ओर से बजट लेकर आने पर कुवि प्रशासन का आभार जताया है। कुंटिया महासचिव यशपाल सैनी कहा कि बजट की कमी के चलते ही कर्मचारियों को मई माह का वेतन 22 जून को मिल पाया है। अब आगामी महीनों में कर्मचारियों को वेतन के देरी से जारी होने की समस्या से राहत मिल सकती है। कुंटिया प्रधान नील कंठ शर्मा ने कहा कि अब कर्मचारियों समय पर वेतन दिया जा सकेगा।