नवरात्र के साथ त्योहारी सीजन शुरू, कोरोना से बचने के लिए शारीरिक दूरी और मास्क जरूरी
नवरात्र के साथ त्योहारी सीजन शुरू हो गया है। बाजार में खरीदारी बढ़ गई है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : नवरात्र के साथ त्योहारी सीजन शुरू हो गया है। बाजार में खरीदारी बढ़ गई है। कई जगह शारीरिक दूरियां भी टूट रही हैं। ऐसे में लोगों को संभलने की जरूरत है। खरीदारी से अधिक शारीरिक दूरी और मास्क है। इसमें थोड़ी सी लापरवाही कोरोना के संक्रमण फैलने का कारण बन सकता है।
डीसी शरणदीप कौर बराड़ ने लोगों से कोविड-19 की गाइडलाइनों को अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वयं की सजगता ही कोरोना वैश्विक महामारी से बचाव का सशक्त माध्यम है। किसी भी रूप से कोरोना संक्रमण का फैलाव न हो पाए इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। आमजन का भी यह दायित्व बनता है कि वे सरकार के जारी निर्देशों की अनुपालना प्रभावी ढंग से करें।
शहर के साथ गांवों में पहुंच रहा जागरूकता वाहन
डीसी ने बताया कि सरकार और प्रशासन लोगों को जागरूक कर रहा है। विशेष वाहन शहर व गांवों में पहुंचकर लोगों को कोरोना से बचने के संदेश दे रहे हैं। लोगों को घर से बाहर निकलते ही मास्क व फेस कवर का उपयोग जरूर करना चाहिए। साथ ही सैनिटाइजर का भी उपयोग समयानुसार करें। साबुन से निरंतर कम से कम 20 सैकेंड तक हाथ जरूर धोएं।