शिक्षा प्रणाली के विकास के लिए फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम को सबसे अहम
जागरण संवाददाता कुरुक्षेत्र भगवान परशुराम कॉलेज व पुणे इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
भगवान परशुराम कॉलेज व पुणे इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षण कौशल, कक्षा भागीदारी विषय पर व्याख्यान के साथ-साथ चर्चा भी हुई। भगवान परशु राम कॉलेज के वाणिज्य विभाग के डॉ. मालाराम बंसल ने पुष्प गुच्छ देकर सभी अतिथियों का स्वागत किया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश्वर जोशी ने शिक्षा प्रणाली के विकास के लिए फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम को सबसे अहम बताया। इस कार्यक्रम में लगभग 110 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
वाणिज्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. हीरा लाल शर्मा ने शिक्षा पद्धति को सुधारने और कक्षा भागीदारी को सुनिश्चित करने की नई पद्धतियों के बारे में जानकारी दी। इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. रिद्दीमन मुखोपध्याय ने कक्षा में सीखने-सिखाने की प्रक्रिया का परिवर्तन, प्रौद्योगिकी समर्थित भागीदारी व मिश्रित अध्ययन को सुधारने के बारे में बताया। पहले सत्र में व्यावसायिक विकास द्वारा शिक्षकों, शोधकर्ताओं और प्रशासकों के रूप में अपने पेशेवर जिम्मेदारियों में व्यक्तिगत संकाय सदस्यों के विकास पर जोर दिया। द्वितीय तकनीकी सत्र में डॉ. राजश्री पिल्लई ने कक्षा शिक्षण को बेहतर बनाने के विभिन्न उपायों पर चर्चा की। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक वर्ग के प्रोफेसर शीशपाल शर्मा, डॉ. सुरेश पाराशर, डॉ. नंद किशोर, प्रो. कर्मजीत सिंह संधू, प्रो. वासव दत्ता, डॉ. रमा शर्मा, प्रो. सुमन शर्मा, डॉ. सरिता राय, प्रो. परवीन शर्मा मौजूद रहे।