बेटियों का करना चाहिए सम्मान : कांता रानी
महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर कांता रानी ने कहा कि बेटियां समाज की अमूल्य धरोहर हैं। इस धरोहर को संभाल कर रखना हर व्यक्ति का प्रथम कर्तव्य है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर कांता रानी ने कहा कि बेटियां समाज की अमूल्य धरोहर हैं। इस धरोहर को संभाल कर रखना हर व्यक्ति का प्रथम कर्तव्य है। समाज के हर व्यक्ति को बेटियों का सम्मान करना चाहिए। प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में सहयोग करना चाहिए।
वे गांधी नगर के आंगनबाड़ी केंद्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व महिलाओं की ओर से निकाली गई बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जागरूकता रैली के दौरान बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को शपथ लेनी चाहिए कि कन्या भ्रूण हत्या न तो करेंगे और न ही किसी को करने देंगे। इसके साथ ही बेटियों को अच्छी शिक्षा देंगे। उपस्थित कार्यकर्ताओं व आसपास की महिलाओं को कन्या भ्रूण हत्या रोकने की शपथ दिलाई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व आसपास की महिलाओं ने गांधी नगर में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया।