मुख्यमंत्री से बातचीत होने के बाद भी नहीं मिल रहा बहाली का रास्ता
हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति व बर्खास्त पीटीआइ का धरना लघु सचिवालय के सामने 134वें दिन में प्रवेश कर गया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति व बर्खास्त पीटीआइ का धरना लघु सचिवालय के सामने 134वें दिन में प्रवेश कर गया। समिति प्रधान रणधीर सैनी की अध्यक्षता में पीटीआइ मनोज पांचाल, प्रवीण कुमार, सुभाष चंद्र, रोहताश कुमार सुबह 9 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक भूख हड़ताल पर बैठे। सभी साथियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से बातचीत होने के बाद भी उनकी बहाली का कोई रास्ता नहीं दिख रहा है। इस दौरान सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा, रोडवेज यूनियन की जिला कार्यकारिणी, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ, हेमसा, पुरानी पेंशन बहाली संघ, बिजली निगम व अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने धरने पर आकर अपना समर्थन दिया। इस मौके पर निर्मला, कमला, अनिल कुमार, नरेश कुमार, कर्मवीर सिंह, सुलतान सिंह, जोगेंद्र राणा, अवतार व सुखविद्र सिंह मौजूद रहे।