कुवि ने जारी किया ए और बी श्रेणी के कर्मचारियों का वेतन
कुरुक्षेत्र। कोविड-19 के आर्थिक तंगी झेल रही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने ए और बी श्रेणी के कर्मचारियों का अगस्त माह का वेतन शुक्रवार को जारी कर दिया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कोविड-19 के आर्थिक तंगी झेल रही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने ए और बी श्रेणी के कर्मचारियों का अगस्त माह का वेतन शुक्रवार को जारी कर दिया है। इससे पहले सी और डी श्रेणी का वेतन 16 सितंबर को जारी किया गया था। वेतन जारी होने में देरी के चलते कर्मचारियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के सामने गुहार लगाई थी। उन्होंने जल्द वेतन जारी किए जाने की मांग की थी। लेकिन प्रदेश सरकार की ओर से ग्रांट जारी होने में हो रही देरी के चलते कर्मचारियों को अगस्त माह का वेतन सितंबर के अंतिम सप्ताह में मिल सका है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के लोक संपर्क विभाग के उप निदेशक डा. दीपक राय ने कहा कि कुलपति डा. नीता खन्ना के प्रयासों से पहले भी प्रदेश सरकार की ओर से बजट की व्यवस्था कर समय से वेतन दिया गया था। अब दोबारा से बजट के लिए पिछले कई दिनों से प्रयास जारी हैं। इससे पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ-साथ सी और डी श्रेणी के कर्मचारियों वेतन जारी कर दिया गया है। अब ग्रुप ए व बी श्रेणी कर्मचारियों का वेतन भी जारी कर दिया गया है। कोरोना काल में विपरित परिस्थितियों में भी कुलपति समय पर वेतन जारी करने के लिए प्रयासरत हैं।