उप-प्रधान ने नपा सचिव पर लगाया गंभीर आरोप
लाडवा नपा कार्यालय में बुधवार को नपा सचिव व नपा उप-प्रधान के बीच जमकर हंगामा हुआ।नपा कार्यालय में हंगामे के दौरान नपा सचिव हरिओम काम्बोज व नपा उप-प्रधान अनिल माटा ने न केवल एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए।
संवाद सहयोगी, लाडवा : लाडवा नपा कार्यालय में बुधवार को नपा सचिव हरिओम कांबोज और नपा उप-प्रधान अनिल माटा के बीच जमकर हंगामा हुआ। दोनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। दोनों का विवाद यहीं तक नहीं थमा। दोनों एक-दूसरे कास गिरेबां तक पकड़ लिया और जमकर अपशब्द कहे। एसडीएम अनिल यादव भी विवाद की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों को समझाकर मामला शांत किया। इधर लाडवा विधायक ने उप प्रधान और सचिव के बीच विवाद को गंभीर बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद नपा के हर मामले की जांच कराई जाएगी।
नपा उप प्रधान का व्यवहार नहीं ठीक
लाडवा नपा सचिव हरिओम कांबोज ने आरोप लगाया कि जब भी नपा उप प्रधान नपा कार्यालय के अंदर आते हैं तो कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ उनका व्यवहार ठीक नहीं होता। उन्होंने दुकानें बना रखी हैं। उनका यह मामला विचाराधीन है। इसके अलावा करनाल के एक व्यक्ति का मृत्यु प्रमाण पत्र लाडवा कार्यालय से जारी किया गया था। ऐसे कई मामले चल रहे है।
बिना पैसे नहीं करते कोई काम
नपा उप प्रधान अनिल माटा ने बताया कि नपा सचिव हरिओम कांबोज हर काम में आनाकानी करते हैं। अधिकारी व कर्मचारी अपने कार्यालय में बैठकर समय व्यतीत करते रहते हैं। न ही अपने आप काम करते है और ना ही किसी को करने देते है। वहीं सचिव बिना पैसे लिए कोई काम नहीं करते।
नपा सचिव व नपा उप प्रधान दोनों से बैठाकर बातचीत की गई है। दोनों पक्षों की दलीले सुनी गई। अभी कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलते ही जांच की जाएगी। दोनों में से जो दोषी होगा, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
अनिल यादव, एसडीएम, लाडवा।