128 कंटेनमेंट जोन को किया डी-नोटिफाई
कुरुक्षेत्र जिले में कंटेनमेंट जोन को लेकर लोगों को राहत मिली है। प्रशासन ने 128 कंटेनमेंट जोन को डी नोटिफाई कर दिया है। इधर नए केस मिलने पर 31 स्थानों पर कंटेनमेंट जोन बनाने के आदेश दिए हैं।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : जिले में कंटेनमेंट जोन को लेकर लोगों को राहत मिली है। प्रशासन ने 128 कंटेनमेंट जोन को डी नोटिफाई कर दिया है। इधर नए केस मिलने पर 31 स्थानों पर कंटेनमेंट जोन बनाने के आदेश दिए हैं।
जिलाधीश एवं उपायुक्त शरणदीप बराड़ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के अनुसार जिले के खैरा, बीड़ पिपली, मथाना, शंकर कालोनी, प्रतापगढ़, मुकुरपुर, पिपली, कौलापुर, सिरसमा, दुधला, पलवल, सराय सुखी, सोढ़ी, मुनियारपुर, अमीन, सहित सेक्टर-2, 3, 4, 5, 7, 8, 13, देवीदास पुरा व रतगल सहित 128 कंटेनमेंट व बफर जोन क्षेत्र से निजात दे दी गई है। उन्होंने बताया कि महामारी से बचाव करना जरूरी है।
प्रो. केसी यादव की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में सेवानिवृत्त प्रोफेसर केसी यादव की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
विभागाध्यक्ष प्रो. अमरजीत ने बताया कि दिवंगत केसी यादव विश्वविद्यालय में इतिहास विभाग के अध्यक्ष, समाज विज्ञान संकाय के डीन और शैक्षणिक विषयों के डीन और आंबेडकर स्टडी सेंटर के मुख्य सलाहकार रह चुके हैं। उन्होंने आधुनिक भारतीय इतिहास के विभिन्न पक्षों को लेकर महत्वपूर्ण लेख लिखे। हरियाणा के इतिहास के विषय में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने विवि में 30 वर्षो तक विभिन्न अहम पदों पर अपनी सेवाएं दी तथा इतिहास एवं संस्कृति पर आधारित पुस्तकें लिखी। उन्होंने कहा कि इस तरह से उनका आकस्मिक निधन विवि के लिए बहुत बड़ी क्षति है। इस मौके पर प्रो. ज्ञानेश्वर खुराना, प्रो. एसके चहल, डा. विजेंद्र सिंह, डा. भगत सिंह, डा. गुरप्रीत सिंह व डा. श्वेता कश्यप मौजूद रहे।