कोरोना का संक्रमण बढ़ा, एक दिन में 23 नए मामले मिले
जागरण संवाददाता कुरुक्षेत्र जिले में गत सप्ताह शादी समारोह के बाद कोरोना का संक्रमण बढ़
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : जिले में गत सप्ताह शादी समारोह के बाद कोरोना का संक्रमण बढ़ गया है। सामान्य दिनों से आठ से 10 गुना अधिक केस बढ़ गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के संक्रमण को माना है। इसके साथ ही अधिकारियों ने केस हिस्ट्री का पता समय पर लगाने का दावा किया है।इसके साथ लोगों से दो गज दूरी और मास्क को अपनाने की अपील की है। जिले में इस महीने में अब तक 221 केस आ चुके हैं।
जिला सिविल सर्जन डा. सुखबीर सिंह ने देर सायं जारी एक हेल्थ बुलेटिन में बताया कि कुरुक्षेत्र में अलग-अलग जगहों से कोरोना वायरस से संक्रमित 23 नए केस सामने आए हैं। इधर 10 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आने पर डिस्चार्ज किया गया है। इसके साथ जिले अब तक 9060 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। 224528 में से 214266 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई। इनमें से 8797 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। जबकि 134 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो चुकी है। अब 129 एक्टिव केस हैं।
गाइडलाइन को अपनाना जरूरी
जिला सिविल सर्जन डा. सुखबीर सिंह ने बताया कि कोरोना अभी जड़ से खत्म नहीं हुआ है। लोगों को शारीरिक दूरी और मास्क को अपनाना होगा।इसके अलावा अपनी बारी आने पर वैक्सीनेशन लगवाना जरूरी है।
16 फरवरी के बाद बढ़े मामले
जिले में 15 और 16 फरवरी को शादी और समारोह थे। लोगों ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को समारोह में आमंत्रित किया। इन कार्यक्रमों में लोगों ने नियमों को अनदेखा किया। इसका नतीजा यह हुआ कि जिले में 16 फरवरी के बाद कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या एक साथ बढ़ गई। सामान्य दिनों में दो से चार मरीज सामने आते थे। पिछले दिनों से 20 से 23 तक संख्या पहुंच गई है।