जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : आसमान पर छाए बादलों की वजह से दिन के तापमान में भी गिरावट हो रही है, जबकि रविवार से धुंध अपना प्रभाव दिखा सकती है। मौसम विभाग ऐसी आशंका जता रहा है कि रविवार को धुंध पड़ सकती है। तीन दिन तक धुंध होने के आसार जताए जा रहे हैं। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। शनिवार को भी आसमान पर बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे। वहीं चिकित्सकों ने भी ठंड से बचने के लिए जागरूक रहने की सलाह दी है।
पिछले पांच दिन से आसमान पर बीच-बीच में छाए बादलों की वजह से तापमान में गिरावट हो रही है। सुबह और सायं को ठिठुरन सताने लगी है। सुबह जहां धूप निकल आती है। वहीं बीच-बीच में आसमान पर बादल छा जाते हैं और धूप का असर कम होने लगता है। इसके कारण दिन के समय भी लोगों को ठंड लगने लगी है। सायं होते-होते ठंड का प्रभाव भी बढ़ता रहता है। रात को तापमान 15 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाता है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दिन के समय धूप निकलेगी, जबकि रविवार को धुंध छा जाएगी। 19 नवंबर तक धुंध का प्रभाव रहने की संभावना है।
सर्दी में रखें अपना खास ख्याल : डॉ. कृष्ण कुमार
एलएनजेपी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि मौसम बदल रहा है। सुबह व सायं को ठंड बढ़ जाती है। इसलिए ऊनी वस्त्र पहनकर ही बाहर निकलें। बच्चों व बुजुर्गों का विशेष तौर पर ध्यान रखें। ठंडा पानी व ठंडी चीजों का सेवन करने से परहेज रखें। सांस के मरीजो के लिए जरूरी है कि मौसम के अनुरूप धुंध के समय घर से बाहर मुंह ढक कर निकले। इसके अलावा बीपी के मरीजों की डोज भी इन दिनों में बढ़ती व घटती है। इसलिए अगर किसी बीपी के मरीज की तकलीफ सर्दियों का मौसम आने के बाद बढ़ी है तो वह नियमित जांच कराने के बाद अपनी डोज निर्धारित कर लें।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप
1952 से 2019 तक इन राज्यों के विधानसभा चुनाव की हर जानकारी के लिए क्लिक करें।