शीतलगर से बढ़ी ठंड, दिनभर नहीं निकली धूप
सर्द हवाओं के साथ पारा नीचे आ गया है। साथ ही आसमान में बादल छा गए हैं।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : सर्द हवाओं के साथ पारा नीचे आ गया है। साथ ही आसमान में बादल छा गए हैं। ऐसे में न्यूनतम तापमान लगातार नीचे आ रहा है। सोमवार को छह डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दिनभर धूप न निकलने पर लोगों को घरों में ही दुबकने को मजबूर कर दिया। सुबह के समय धुंध होने के कारण वाहन चालकों को भी सफर करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन सड़कों पर रेंगते हुए नजर आए। लाइट जलाकर वाहन चालकों ने सफर किया। ठंड का प्रकोप बढ़ते ही लोगों ने इससे बचाव के लिए गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी ठंड का काफी प्रकोप देखा गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मौसम अब करवट ले रहा है। धुंध का मौसम शुरू हो गया है। मौसम को देखते हुए ठंड और बढ़ने की संभावनाएं हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम तापमान छह डिग्री दर्ज किया गया। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड बढ़ने से गेहूं की फसल को काफी लाभ मिलेगा। 13 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली बर्फीली हवा से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ठंडी बर्फीली हवाओं से खासकर दुपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गर्म कपड़ों की बढ़ी मांग
ठंड व धुंध बढ़ने से गर्म कपड़ों की मांग भी बढ़ गई है। लोग गर्म कपड़े खरीदने के लिए बाजारों में पहुंच रहे हैं। दुकानों के बाहर गर्म कपड़ों की सैल लगाई गई है। इसके साथ ग्रामीण इलाकों में लोगों को मवेशियों के लिए चारा करने तक की परेशानी हो रही है। पशुपालकों का कहना है कि ठंड व धुंध के कारण चारा गीला होने से चारे की कटाई में दिक्कत आ रही है। इसके साथ साथ पशुओं की देखभाल में भी दिक्कतें आई। गृहणियों को भी घरेलू काम काज निपटाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गृहिणी कुसुम का कहना है कि धूप न निकलने के कारण कपड़े सूखाना मुसीबत बना हुआ है।
हृदय रोगी घर से न निकलें बाहर : डा. सुभाष गर्ग
कुरुक्षेत्रा सुपरस्पेशेलिटी अस्पताल के संचालक डा. सुभाष गर्ग ने बताया कि सर्दी में बुजुर्ग और विशेषकर छोटे बच्चे खानपान का ध्यान रखें। गर्म कपड़ों पहनने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। ऐसे मौसम में बच्चे और बुजुर्ग जल्दी बीमारी की पकड़ में आते हैं। उन्होंने कहा कि लोग कोहरे के समय सैर पर न जाएं और विशेषकर हृदय रोगी तो बिल्कुल भी ऐसे मौसम में बाहर न निकलें।