सिविल सर्जन ने कोरोना में काम करने वाले मनोज शर्मा व सलीम को किया सम्मानित
स्वास्थ्य विभाग ने पहली बार गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर स्वास्थ्य कर्मचारियों को सम्मानित किया। विभाग की ओर से प्रशिक्षण केंद्र में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें कोविड-19 के दौरान बेहतरीन कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान किया गया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : स्वास्थ्य विभाग ने पहली बार गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर स्वास्थ्य कर्मचारियों को सम्मानित किया। विभाग की ओर से प्रशिक्षण केंद्र में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कोविड-19 के दौरान बेहतरीन कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान किया गया। सिविल सर्जन डा. सुखबीर सिंह ने कर्मचारियों की पीठ थपथपाते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह जज्बे के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान डिप्टी सिविल सर्जन डा. आरके सहाय भी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण केंद्र में स्टोर कर्मचारी मनोज शर्मा, कंप्यूटर असिस्टेंट सलीम मोहम्मद, फार्मे आफिसर सीमा देवी, कंप्यूटर असिस्टेंट रिकू, सागर और सुशील को उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। जिला सिविल सर्जन डा. सुखबीर ने कहा कि कोरोना काल के दौरान इन स्वास्थ्य कर्मचारियों ने पूरे जज्बे के साथ अपनी ड्यूटी निभाई। चिकित्सकों को किट, मास्क उपलब्ध कराने हों या फिर दवाएं स्टोर से लेकर आनी हो। इन कर्मचारियों ने पूरी शिद्दत के साथ काम किया और जोखिम के बावजूद अपने काम में पूरी शिद्दत से लगे रहे। डिप्टी सिविल सर्जन डा. आरके सहाय ने भी इस दौरान सम्मानित होने वाले कर्मचारियों को बधाई दी और कहा कि कोरोना वायरस के दौरान सबसे आगे स्वास्थ्य कर्मचारी ही थे। अब जब कोरोना वैक्सीन आ गई है तो कोरोना का खतरा काफी कम हुआ है, लेकिन जब वायरस आया था तब इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं पता था। उस दौरान भी कर्मचारियों ने अपनी ड्यूटी को पूरी निष्ठा के साथ किया है। यह काबिलेतारीफ है।