मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वरिष्ठ पत्रकार रोहित सरदाना के निधन पर शोक जताया
जागरण संवाददाता कुरुक्षेत्र मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज तक न्यूज चैनल के एंकर एवं
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज तक न्यूज चैनल के एंकर एवं वरिष्ठ पत्रकार रोहित सरदाना ने समाज के लोगों की आवाज बनकर काम किया। पत्रकार के निधन से मीडिया जगत के साथ-साथ समाज को बहुत बड़ी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय रोहित सरदाना के कुरुक्षेत्र सेक्टर-पांच आवास पर शोक व्यक्त करने के लिए पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय रोहित सरदाना के पिता रत्नचंद सरदाना, माता प्रेम कुमारी, पत्नी प्रोमिला दीक्षित, भाई ललित सरदाना, हितेश सरदाना, बेटी काशी व केशव सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दुख सांझा किया और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वे गीता स्कूल में आते थे, तब रोहित सरदाना के बचपन को भी नजदीक से देखने का अवसर मिला। आज रोहित सरदाना हमारे बीच में नहीं हैं, इस घटना से बहुत बड़ा सदमा पहुंचा है, लेकिन परमात्मा के आगे किसी की नहीं चलती। परमपिता परमात्मा दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इस मौके पर सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, विधायक रामकरण काला, मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव कृष्ण कुमार बेदी, डीसी शरणदीप कौर बराड़, एसपी हिमांशु गर्ग, कुवि कुलपति डा. सोमनाथ सचदेवा, कुलसचिव डा. संजीव शर्मा, आरएसएस के विभाग कार्यवाह डा. प्रीतम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी, जजपा जिला प्रधान कुलदीप जखवाला, महामंत्री सुशील राणा, भाजपा नेता रविद्र सांगवान, केडीबी सदस्य विजय नरूला, केडीबी पूर्व सदस्य सौरभ चौधरी, गुरनाम सिंह, प्रदीप झांब, सुरेश सैनी ने भी शोक व्यक्त किया।