सादगी से मनाए होली, कोरोना महामारी से लड़ने के लिए मास्क पहनें : स्वामी सत्यानंद
अखंड हनुमान गोशाला के संचालक स्वामी सत्यानंद महाराज ने कहा कि कोरोना महामारी के बढ़ते मामले चिता का विषय है। इस महामारी से निपटने के लिए हम सबको मिलकर लड़ना होगा। इस बार रंगों के इस पावन पर्व होली को सादगी से मनाएं।
संवाद सहयोगी, लाडवा : अखंड हनुमान गोशाला के संचालक स्वामी सत्यानंद महाराज ने कहा कि कोरोना महामारी के बढ़ते मामले चिता का विषय है। इस महामारी से निपटने के लिए हम सबको मिलकर लड़ना होगा। इस बार रंगों के इस पावन पर्व होली को सादगी से मनाएं। कोरोना महामारी से लड़ने के लिए मास्क पहनकर व शारीरिक दूरी बनाकर इस त्योहार को मनाकर स्वयं को ही नहीं अपने परिवार व अपने देश वासियों को कोरोना महामारी से बचाने का प्रण लें।
स्वामी सत्यानंद महाराज गोशाला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी का असर सबसे ज्यादा गोशालाओं पर पड़ा है। महामारी के दौरान गोशालाएं चलाना मुश्किल हो गया है। गो सेवा सबसे बड़ी सेवा मानी गई है, गो दान से बड़ा दान कोई नहीं है, लेकिन न केवल गो सेवकों, बल्कि गो दान करने वालों की संख्या घटती जा रही है। यदि यही हाल रहा तो गोशालाएं चलाना मुश्किल हो जाएगी। अखंड हनुमान गोशाला दानी सज्जनों के भरोसे ही चल रही है। इस गोशाला की अपनी कोई आमदनी नहीं है। प्रतिदिन एक गांव से चारा मांगकर गोशाला में पल रही गायों की भूख मिटाई जाती है। उन्होंने गो भक्तों से कहा कि इस बार होली का पर्व सादगी से मनाते हुए गोशाला में गो दान करके मनाएं, ताकि बढ़ते कोरोना को भी रोका जा सके और गो सेवा भी हो जाए।