मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में चार पर केस
शाहाबाद पुलिस ने एक व्यक्ति से मारपीट करने एवं जान से मारने की धमकी देने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी अपनी शिकायत में गांव मछरौली निवासी गुरमुख सिंह ने कहा कि उनके गांव में शाम के समय सुरजीत सिंह नंबरदार के घर किसी बात को लेकर पंचायत चल रही थी।
संवाद सहयोगी, शाहाबाद : शाहाबाद पुलिस ने एक व्यक्ति से मारपीट करने एवं जान से मारने की धमकी देने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गांव मछरौली निवासी गुरमुख सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनके गांव में शाम के समय सुरजीत सिंह नंबरदार के घर किसी बात को लेकर पंचायत चल रही थी। उस पंचायत में आस-पास के गांवों के कई मौजिज व्यक्ति मौजूद रहे। पंचायत में जब शिकायतकर्ता ने अपनी बात कही तो सरदारा सिंह ने उसे अपशब्द कहे और पैर से जूता निकालकर उसे मारा। उसके बाद आधा घंटा तक पंचायत चली और कोई फैसला नहीं हो पाया। सभी व्यक्ति उठकर चले गए। मौके पर 8-10 व्यक्ति रह गए। उसके बाद सरदारा सिंह अपने घर चला गया। वह अपने दो पुत्र व एक पौत्र को लेकर दोबारा मौके पर पहुंचा। उनके हाथों में रॉड और लाठियां थी। उन्होंने उस पर वार कर बुरी तरह से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बड़ी मुश्किल से बचाया। आरोपितों ने शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी भी दी। उसे ईलाज के लिए शाहाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया गया है।