नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विपक्ष के दुष्प्रचार से सचेत रहें : नायब सैनी
सांसद नायब सिंह सैनी ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विपक्षी नेता देश की जनता को गुमराह कर राजनैतिक रोटियां सेक रहे हैं।
संवाद सहयोगी, बाबैन : सांसद नायब सिंह सैनी ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विपक्षी नेता देश की जनता को गुमराह कर राजनैतिक रोटियां सेक रहे हैं। नागरिकता संशोधन कानून मुसलमानों से देश की नागरिकता छीन लेने नहीं है बल्कि नागरिकता देने का कानून है, जिसमें किसी को डरने की जरुरत नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनावों से पूर्व देश की जनता से धारा 370 तोड़ने, राम मंदिर बनाने और नागरिकता संशोधन कानून को लागू करने का वादा किया था जिसके कारण देश की जनता ने लोकसभा में भाजपा को बहुमत देकर इसका समर्थन किया है।
नायब सिंह सैनी नागरिकता संशोधन कानून के पक्ष में चलाए गए जनसंपर्क अभियान के तहत बाबैन क्षेत्र के गांव कसीथल, कालवा, धनानी व प्रहलादपुर में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इन गांवों में विकास कार्यों के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने की भी घोषणा की। इस अवसर पर लाडवा के पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश कश्यप, महामंत्री सोमनाथ, सतबीर मंगौली, विकास शर्मा, सरपंच चमन लाल, सुखविद्र फालसंडा, विक्रम सुनारिया, राजबीर धनानी राय सिंह घिसरपड़ी मौजूद रहे।