लाडवा हलके में हुआ चहुंमुखी विकास, जारी रहेगी रफ्तार : डॉ. पवन सैनी
लाडवा के विधायक डॉ. पवन सैनी ने कहा कि लाडवा हलके में पिछले पांच साल में चहुंमुखी विकास हुआ है। यह रफ्तार अगले पांच साल तक जारी रहेगी। आज पूरे प्रदेश में भाजपा की हवा चल रही है।
संवाद सूत्र, बाबैन: लाडवा के विधायक डॉ. पवन सैनी ने कहा कि लाडवा हलके में पिछले पांच साल में चहुंमुखी विकास हुआ है। यह रफ्तार अगले पांच साल तक जारी रहेगी। आज पूरे प्रदेश में भाजपा की हवा चल रही है। हर कोई प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों से प्रभावित हो रही है। जनता दोबारा से मुख्यमंत्री मनोहर लाल को सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है। लाडवा विधानसभा सीट को जीत कर वे मुख्यमंत्री की झोली में डालेंगे।
वे बाबैन क्षेत्र के गांवों में चुनावी प्रचार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकारें भ्रष्टाचार मुक्त शासन दे रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर कोई भी अंगुली नहीं उठा सकता, क्योंकि ये दोनों बेदाग हैं। भाजपा ने प्रदेश के युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां दी हैं। जिससे प्रदेश का युवा जुगाड़ के बजाए पढ़ाई में ध्यान लगाने लगा है। भाजपा ने प्रदेश में सभी वर्गों के लोगों के लिए काम किया है। यही कारण है कि विपक्ष भी सरकार पर क्षेत्रवाद का आरोप नहीं लगा पाए। उन्होंने हलके के प्रत्येक गांव में सामान रूप से विकास कार्य कराए हैं।