कुटा के पत्र पर कुवि की सहमति के बाद अब कुटा ने किया दोबारा कार्यकारिणी बैठक में फैसला लेने का एलान
कुरुक्षेत्र । कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कुटा) के चुनावों में अब नया मोड़ आ गया है। एक दिन पहले ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुटा कार्यकारिणी की ओर से तैयार कर भेजे गए प्रस्ताव पर सहमति जताई थी।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कुटा) के चुनावों में अब नया मोड़ आ गया है। एक दिन पहले ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुटा कार्यकारिणी की ओर से तैयार कर भेजे गए प्रस्ताव पर सहमति जताई थी। कुटा की ओर से कुवि प्रशासन को सात से 19 सितंबर तक चुनाव संपन्न करवाने का शेड्यूल सौंपा गया था। ऐसे में कुवि प्रशासन ने 10 सितंबर से शुरू हो रही परीक्षाओं को देखते हुए पांच अक्टूबर के बाद चुनाव करवाने पर सहमति जताई थी। इसके लिए बुधवार की सुबह पत्र जारी होते ही कुटा ने पांच अक्टूबर तक अब दोबारा कार्यकारिणी बैठक बुलाकर चुनाव का शेड्यूल तैयार करने की बात कही है।
पहले ही छह माह की हुई देरी
इस बार कुटा चुनावों में पहले ही देरी चल रही है। पिछले साल कुटा चुनाव 15 मार्च 2019 को हुए थे। ऐसे में नियमानुसार इससे पहले ही कुटा चुनाव होने थे। लेकिन 15 मार्च 2020 से पहले चुनाव नहीं हो सके और इसके बाद कोविड - 19 के चलते सभी तरह की गतिविधियां बंद रही। अनलॉक के बाद 26 अगस्त को कुटा कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई और इसमें सात से 19 सितंबर तक चुनाव प्रक्रिया पूरी करवाने का प्रस्ताव रखा गया। इस प्रस्ताव पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई और इसे अनुमति के लिए कुवि प्रशासन को भेजा गया। अब कुवि प्रशासन ने इस पत्र पर फैसला लेते हुए विद्यार्थियों की परीक्षाओं को देखते हुए इसे पांच अक्टूबर से शुरू करने पर सहमति जता दी है। इस पत्र के अनुसार चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी भी कृष्ण चंद्र पांडे को सौंपी जा सकती है।
कुटा अध्यक्ष ने कहा अब दोबारा बुलाई जाएगी कार्यकारिणी की बैठक
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा. संजीव शर्मा ने कहा कि उन्होंने सितंबर में चुनाव करवाने को लेकर शेड्यूल कुवि को सौंपा था। अब कुवि ने इसे पांच अक्टूबर के बाद करवाने की सहमति दी है तो वह इस पर दोबारा बैठक बुलाकर चुनाव के शेड्यूल पर फैसला लेंगे। यह फैसला कुटा कार्यकारिणी में ही लिया जाएगा कि अब चुनाव प्रक्रिया का शेड्यूल कब का रहेगा।