पर्यावरण रक्षा में त्रिवेणी तारणहार : रमन सूद
समाधानांचल सेवा समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट संतोष यादव द्वारा त्रिवेणी रोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत केनरा बैंक के डिविजनल मैनेजर रमन कुमार सूद ने गुरुवार को एनडीआरआइ के समीप कब्रिस्तान के बाहर 358वीं त्रिवेणी लगाकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।
जागरण संवाददाता, करनाल:
समाधानांचल सेवा समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट संतोष यादव द्वारा त्रिवेणी रोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत केनरा बैंक के डिविजनल मैनेजर रमन कुमार सूद ने गुरुवार को एनडीआरआइ के समीप कब्रिस्तान के बाहर 358वीं त्रिवेणी लगाकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। सूद ने कहा कि त्रिवेणी बड़, नीम व पीपल के संगम का नाम है। ऐसी लोक मान्यता है कि इसमें ब्रह्मा-विष्णु-महेश का निवास होता है। त्रिवेणी कोई साधारण वृक्ष नहीं, बल्कि इसका आध्यात्मिक महत्व है। त्रिवेणी को शास्त्रों में यज्ञ की संज्ञा दी गई है। जहां त्रिवेणी लगी होती है वहां हर पल, हर क्षण सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होता रहता है।
सहर्ष सिघल ने कहा कि त्रिवेणी अर्थात बड़, नीम व पीपल वायुमंडल से कार्बन डाइऑक्साइड, धूल कणों और ध्वनि का अवशोषण करता है। त्रिवेणी सर्वाधिक प्राणवायु ऑक्सीजन प्रदाता के रूप में वर्तमान व भावी पीढि़यों के लिए वरदान साबित होती है। पर्यावरण के असंतुलन से मानव मात्र के अस्तित्व पर या यूं कहें कि संपूर्ण पृथ्वी के अस्तित्व पर संकट आ खड़ा हुआ है। इसे बचाने का अहम दायित्व वर्तमान पीढ़ी का है।
इस अवसर पर सृष्टि मग्गू ने कहा कि पर्यावरण के प्रति हमें कटिबद्ध हो जाना चाहिए। यदि वृक्षों का संरक्षण और नए पौधों का रोपण नहीं किया गया तो हमारी आने वाली पीढि़यां शुद्ध वायु के लिए तरस जाएंगी। इसलिए हम सभी को पर्यावरण के प्रति सचेत हो जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि आज अपने जन्मदिवस के अवसर पर उन्होंने एडवोकेट संतोष यादव की प्रेरणा एवं सहयोग से यह त्रिवेणी लगाने का पुनीत कार्य संपन्न किया है। उन्होंने सभी उपस्थित जनों से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिवस पर त्रिवेणी लगाकर उसका पालन पोषण भी करें।