न्यूनतम तापमान गिरकर 6.0 डिग्री तक पहुंचा, दिन में धूप से मामूली राहत
- केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में तापमान में मिल सकती है
- केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में तापमान में मिल सकती है गिरावट जागरण संवाददाता, करनाल: क्षेत्र में कड़ाके की ठंड और इसी के साथ चली शीत लहर ने लोगों को बेहाल कर दिया है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। बर्फीली हवाओं ने मौसम में गलन बढ़ा दी है।
मंगलवार को मौसम की स्थिति पर गौर किया जाए तो अधिकतम तापमान मामूली बढ़ोतरी के साथ 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान घटकर 6.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। सुबह के समय नमी की मात्रा 94 फीसद दर्ज की गई जो शाम को घटकर 76 फीसद रह गई। हवा 4.2 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली, जो शीत लहर में तब्दील हो गई। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा। धूप निकलेगी, जिससे दिन में राहत मिल सकती है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है। सुबह की सैर से परहेज करें ह्रदय रोगी
सिविल सर्जन डा. योगेश शर्मा ने दैनिक जागरण से वार्ता में बताया कि रात का तापमान तेजी से नीचे गया है। शीत लहर चल रही है। बदलते मौसम में लोग अपनी सेहत का ख्याल रखें। वह विशेषकर हृदय रोगियों से आग्रह करते हैं कि सुबह के समय सैर पर जाने से परहेज करें। दिन खुल जाने के बाद ही बाहर जाएं। ज्यादा ठंड उनके लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। गर्म वस्त्रों का प्रयोग करें। पीने के लिए गर्म पानी का सेवन करें।