संत रविदास ने दिया समाज को समानता का संदेश
सदर बाजार स्थित श्री रविदास मंदिर में संत शिरोमणि रविदास महाराज की जंयती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने समाज को समानता का मूलमंत्र दिया।
जागरण संवाददाता, करनाल: सदर बाजार स्थित श्री रविदास मंदिर में संत शिरोमणि रविदास महाराज की जंयती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने समाज को समानता का मूलमंत्र दिया। उन्होंने समाज के शोषित और वंचित वर्ग को शिक्षित करने के साथ साथ संगठित किया। वह मानवता की धरोहर थे। उन्हीं के रास्ते पर चलकर संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर ने संविधान में समानता और सभी को वोट डालने का अधिकार दिया। इसी कारण आज देश के सभी मतदाताओं को वोट डालने का समान अधिकार है। आज राजा का बेटा ही राजा नहीं बनता, बल्कि मजदूर और दलित का बेटा भी राजा बनता है। उन्होंने घोषणा की कि यदि कांग्रेस सरकार आई तो संत रविदास मंदिर में स्कूल निर्माण के लिए चार करोड़ रुपये सरकार से दिलवाएंगे। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत रविदास सभा के प्रधान रोहित जोशी ने किया। कांग्रेस के जिला संयोजक त्रिलोचन सिंह, अशोक खुराना और पूर्व आइपीएस अधिकारी सुखदेव सिंह ने भी लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन दया प्रकाश ने किया। इस अवसर पर हरीराम सांभा, रण पाल संधु, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सदस्य ललित बुटाना, विनोद शर्मा, नरेंद्र अग्घी, देवेंद्र कथूरिया, कुलवंत सिंह, दिनेश सैन, डॉ. फतेह, अनंत कुमार व भारत भूषण मौजूद रहे। आस्था और श्रद्धा का केंद्र बना नगर कीर्तन:
संत रविदास की जयंती पर निकाला गया नगर कीर्तन आस्था और श्रद्धा का केंद्र बना। इसमें गुरुग्रंथ साहिब की पालकी लोगों की श्रद्धा का केंद्र बनी हुई थी। इसकी अगुवाई पंच प्यारे कर रहे थे। नगर कीर्तन को जंग सिंह गुरुद्वारा सेक्टर छह के संत बाबा जोगा सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर ललित बुटाना, दया प्रकाश मौजूद रहे।