संजय भाटिया बने प्रदेश के सबसे बड़े विजेता
संजय भाटिया ने प्रदेश में सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। इसके बाद फरीदाबाद से कृष्णपाल गुर्जर ने बड़ी जीत दर्ज की।
-भाजपा प्रत्याशी को मिले नौ लाख 11 हजार 594 मत
16 प्रत्याशियों में से 14 प्रत्याशियों की जमानत हुई जब्त
-कांग्रेस के कुलदीप शर्मा दूसरे व बसपा के पंकज चौधरी रहे तीसरे नंबर पर जागरण संवाददाता, करनाल : मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विश्वासपात्र एवं प्रत्याशी संजय भाटिया ने 6 लाख 56 हजार 142 वोट से जीत दर्ज कर रिकॉर्ड कायम कर दिया। पिछले चुनाव में पार्टी प्रत्याशी अश्विनी चोपड़ा की तीन लाख 60 हजार मतों से हुई जीत को बहुत पीछे छोड़ दिया। पार्टी को लगातार दूसरी जीत दिलाई। मोदी लहर पर सवार भाटिया को सभी विधानसभा क्षेत्रों में जोरदार जीत मिली। 16 में से 14 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई।
करनाल संसदीय क्षेत्र के मतों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू हो गई थी। 12 लाख 98 हजार 026 वोट में से संजय भाटिया को 9 लाख 11 हजार 594 मत मिले हैं, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप शर्मा को 2 लाख 55 हजार 452 मत प्राप्त हुए। तीसरे नंबर पर रहे लोसुपा और बसपा गठबंधन के प्रत्याशी पंकज 67 हजार 183 मत प्राप्त करके भी जमानत नहीं बचा सके। जजपा-आप गठबंधन के प्रत्याशी कृष्ण कुमार अग्रवाल और इनेलो प्रत्याशी धर्मवीर पाढा सहित अन्य सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। इनमें आजाद प्रत्याशी प्रमोद शर्मा, सामाजिक न्याय पार्टी के प्रत्याशी विक्की चनालिया, आपकी अपनी पार्टी (पीपल्स) के प्रत्याशी अंकुर, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी नरेश कुमार, पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) के प्रत्याशी किताब सिंह, शिवसेना के प्रत्याशी दिनेश शर्मा, जय जवान-जय किसान पार्टी के प्रत्याशी अनिल कुमार, आजाद प्रत्याशी जगदीश, राष्ट्रीय लोकस्वराज पार्टी के प्रत्याशी ईश्वर शर्मा, राष्ट्रीय गरीब दल के प्रत्याशी तिलक राज, आदर्श जनता सेवा पार्टी के प्रत्याशी ईश्वर चंद सालवन शामिल हैं।
1. मोदी लहर
संजय भाटिया की जीत की सबसे बड़ी वजह मोदी लहर रही। चुनाव की शुरुआत में मोदी लहर महसूस नहीं हो रही थी, लेकिन देहात और शहर दोनों ही जगह मोदी लहर जोरदार ढंग से चली। मोदी के नाम पर लोगों ने भाजपा प्रत्याशी संजय भाटिया को जमकर वोट दिया।
2. मजबूत संगठन
जीत की दूसरी वजह मजबूत संगठनात्मक ढांचा रहा। चुनाव से पहले ही पूरा संगठन पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया था। बूथ लेवल पर जोरदार तैयारी की गई। पन्ना प्रमुखों ने अपने अपने क्षेत्र में मतदाताओं से लगातार संपर्क साधकर रखा। पार्टी के विधायक और पदाधिकारियों ने चुनाव में पसीना बहाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
3. विकास व पारदर्शिता पर मुहर
चुनाव में जनता के बीच यह बात घर गई कि भाजपा सरकार ने केंद्र व प्रदेश में समान विकास कराया है। इसके साथ ही भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई है। मेरिट के आधार पर पूरी पारदर्शिता के साथ नौकरियां दी गई। सरकार की विकासपरक योजनाओं पर भी जनता ने अपनी मुहर लगा दी।