घरों में खुले पीजी की होगी सघन जांच
शहर व जिला भर में घर-घर खोले गए पीजी में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जाएगी।
जागरण संवाददाता, करनाल : चंडीगढ़ में हुए पीजी हादसे में तीन छात्राओं की मौत के मद्देनजर करनाल में भी प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। इसके तहत शहर व जिले भर में घर-घर खोले गए पेइंग गेस्ट (पीजी) सिस्टम में जल्द ही सुरक्षा व्यवस्था की बेहद बारीकी से जांच-पड़ताल की जाएगी। इसके लिए फायर ब्रिगेड विभाग की टीम सभी क्षेत्रों में पहुंचेगी और खामी पाए जाने पर तत्काल नोटिस दिया जाएगा। चंडीगढ़ के सेक्टर 32 में बनाए गए पीजी में हुए हादसे के बाद करनाल के फायर ब्रिगेड अधिकारी भी तत्काल प्रभाव से अलर्ट मोड पर आ गए हैं। इसके चलते हर पीजी में सुरक्षा प्रबंध व अन्य व्यवस्थाओं की बेहद बारीकी से जांच करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि चंडीगढ़ की तर्ज पर यहां बहुत बड़े स्तर पर पीजी नहीं है, लेकिन घरों में भी खोले गए पीजी सुरक्षा व्यवस्था के दायरे में आते हैं। इसी के चलते यह व्यवस्था और अधिक गंभीरता के साथ जांची जाएगी। माना जा रहा है कि घरों आदि में करीब 30 पीजी खुले हुए हैं, जहां पांच से 10 तक भी छात्र-छात्राएं रह रहे है। वहीं डीएवी गर्ल्स कालेज, एनडीआरआइ और सेंट कांवेंट स्कूल में भी छात्रावास बने हुए हैं, जहां सैकड़ों विद्यार्थी रह रहे हैं। फायर अधिकारी रामकुमार ने बताया कि सभी छात्रावासों में व्यवस्था हालांकि काफी हद तक दुरुस्त है जबकि घरों में खोले गए पीजी की कुछ दिन पहले जांच की गई थी। इसके बावजूद सतर्कता बरतते हुए अब एक बार फिर जांच अभियान चलाया जाएगा।