गर्मी और उमस से लोग बेहाल, बरसात के आसार नहीं
सितंबर का दूसरा पखवाड़ा चल रहा है लेकिन बरसात न होने के चलते गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं। ऐसे में तापमान भी स्थिर बना हुआ है।
जागरण संवाददाता, करनाल: सितंबर का दूसरा पखवाड़ा चल रहा है लेकिन बरसात न होने के चलते गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं। ऐसे में तापमान भी स्थिर बना हुआ है। वहीं जानकारों का स्पष्ट आकलन है कि अभी मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं है। लिहाजा, अगले कुछ दिन इसी तरह बिताने पड़ेंगे।
करीब 10 दिन से उत्तर भारत के क्षेत्रों में बरसात नहीं हुई है। इससे मौसम लगातार गर्म व शुष्क बना हुआ है। वीरवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि, शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान करीब इतना ही रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। नमी की मात्रा 91 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक अगले कुछ रोज मौसम इसी प्रकार साफ व शुष्क बना रहेगा। अभी उमस व गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि अब तक देश भर में सितंबर में औसत से सात फीसदी अधिक बरसात हुई है।
मौसम विभाग की मानें तो 30 सितंबर तक मानसून प्रदेश को अलविदा कह सकता है। इस बीच हरियाणा सहित पंजाब, दिल्ली और एनसीआर में बादल छा सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बावजूद अपेक्षित स्तर पर बरसात नहीं होने के कारण उमस और गर्मी से लोगों को फिलहाल जल्द निजात मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।