मुंबई टूर पर गए खेल अधिकारी ने मां के सामने की नाबालिग छात्रा से एेसी हरकतें
मुंबई खेलने गई नाबालिग खिलाड़ी से भिवानी के खेल अधिकारी ने छेडख़ानी की। खेल अधिकारी ने यह दुस्साहस खिलाड़ी की मां के सामने किया।
जेएनएन, करनाल। प्रदेश की ओर से मुंबई खेलने गई नाबालिग खिलाड़ी से भिवानी के खेल अधिकारी ने छेडख़ानी की। खेल अधिकारी ने यह दुस्साहस खिलाड़ी की मां के सामने किया। मां की शिकायत पर मुंबई की कोलाबा पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता की मां के अनुसार, शिक्षा विभाग की ओर से तीन फरवरी से अंडर 14 आयु वर्ग नेशनल गेम्स मुंबई में हुए थे। जनवरी के अंतिम सप्ताह में शिक्षा विभाग ने भिवानी में खिलाड़ियों का कैंप लगाया था। इसमें उनकी बेटी ने लॉन टेनिस खिलाड़ी के रूप में भाग लिया। वहां उसका चयन स्टेट की टीम में हो गया। वह भी बेटी के साथ मुंबई गई थीं। भिवानी में कार्यरत शिक्षा विभाग के खेल अधिकारी प्रदीप सांगवान टीम के मैनेजर थे।
बेटी को कोर्ट से निकाल दिया
पीड़िता की मां ने बताया कि तीन फरवरी की रात 10 बजे महाराष्ट्र लॉन टेनिस अकादमी में उनकी बेटी का मैच था। आरोप है कि मैच से ठीक पहले टीम के मैनेजर अजमेर सिंह ने उनकी बेटी को डांटते हुए टेनिस कोर्ट से बाहर भेज दिया। बेटी रोती हुई बाहर चली गई। काफी देर तक नहीं आई तो वह दर्शक दीर्घा से उठकर उसे ढूंढऩे गईं। आरोप है कि प्रदीप सांगवान उनकी बेटी को गलत तरीके छुआ। उसने टोका तो जवाब दिया कि मेरी बात मानने पर ही मैच खेलने दूंगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपित ने उनके साथ भी गलत व्यवहार किया। इसके बाद 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।
खेल मंत्री को किया ट्वीट, नहीं मिला रिस्पांस
पीड़िता की मां ने बताया कि उन्होंने खेल मंत्री अनिल विज को इस संबंध में ट्वीट भी किया, लेकिन उनका कोई रिस्पांस नहीं आया। एक तरफ तो सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की बात करती है और दूसरी तरफ इस तरह की घिनौनी हरकत करने वाले पर कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा।