करनाल में तापमान में सामान्य से 6.0 डिग्री उछाल, न्यूनतम 17 डिग्री पहुंचा
मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। शुक्रवार रात को क्षेत्र मे
जागरण संवाददाता, करनाल : मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। शुक्रवार रात को क्षेत्र में बरसात हुई, लेकिन दिन व रात के तापमान पर ज्यादा असर नहीं दिखा। इस समय दोनों ही तापमान सामान्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहे हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान रिकार्ड 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान भी 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय नमी की मात्रा 100 फीसद दर्ज की गई जो शाम को घटकर महज 66 फीसद रह गई। हवा 2.3 किलोमीटर प्रतिघंटा की औसत रफ्तार से चली। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा, लेकिन 28 फरवरी से ठंडी हवा चल सकती है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है। शुक्रवार को हुई मामूली बरसात से तापमान पर प्रभाव देखने को नहीं मिला।
पहली बार देखने को मिला तापमान में इतना बड़ा उछाल
मौसम विभाग के मुताबिक फरवरी माह में पिछले 10 सालों में पहली बार अधिकतम व न्यूनतम तापमान में इतना बड़ा उछाल देखने को मिला है। अधिकतम के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में काफी वृद्धि हुई है, जिस कारण मौसम संकेत दे रहा है कि सर्दी अब अलविदा हो गई है।
निसार पर गेहूं की फसल
जिले में एक लाख 72 हजार हैक्टेयर में गेहूं की बुआई की गई है। अगेती गेहूं की फसल निसार ले रही है। यानि उसमें बालियां बननी शुरू हो गई हैं। इस समय बरसात हुई तो उसका नुकसान झेलना पड़ सकता है। किसान धीरज शर्मा व अनूप ने बताया कि चूंकि गेहूं की फसल निसार पर है, इसलिए पानी लगाना शुरू कर दिया है। गेहूं की ऐसे स्टेज में दाना बनता है तो उसको नमी की जरूरत होती है, इसलिए किसान पानी लगा रहे हैं। इस मौसम में हवा नहीं चलनी चाहिए, इससे फसल गिरने की संभावना बढ़ जाती है।
मौसम गर्म हुआ तो मच्छरों की बढ़ने लगी तादाद
जैसे ही मौसम ने करवट ली मौसम गरम हुआ तो मच्छरों की भरमार भी शुरू हो गई है। मौसम गर्म होते ही क्षेत्र में मच्छरों की संख्या बढ़ गई है। बदलते मौसम व बढ़ती मच्छरों की तादाद को लेकर चिकित्सक लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। क्योंकि ऐसे मौसम में बीमार होने की संभावना बढ़ जाती है।