बहलोलपुर के पास नर्दक नहर में मिला सड़ा-गला शव, दहशत में लोग
बहलोलपुर गांव के पास नर्दक नहर में सोमवार को गली-सडी अवस्था में एक व्यक्ति का शव मिला।
संवाद सूत्र, निसिग : बहलोलपुर गांव के पास नर्दक नहर में सोमवार को गली-सडी अवस्था में एक व्यक्ति का शव मिला है, जो आधे से अधिक कंकाल में तब्दील हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस करनाल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार नहरी एवं सिचाई विभाग के एक बेलदार ने नर्दक नहर में मानव शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी थी। एसआइ सुखबीर सिंह व एचसी कर्मबीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाल शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए। शव पुरूष का बताया जा रहा है, जो काफी बुरी और गली-सड़ी अवस्था में था। एक तरफ की टांग भी आधी थी। शव नहर में औंधे मुंह पड़ा था। शरीर पर कोई भी वस्त्र मौजूद नही था। उन्होंने बताया कि शव 15 से 20 दिन पुराना होने का अंदेशा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि शव पीछे से बहकर आया है।
शनिवार को सिचाई विभाग की ओर से नर्दक नहर का पानी बंद किया गया था। रविवार देर शाम तक पानी कम हो गया था। सोमवार को नहर पर चक्कर लगा रहे बेलदार ने बहलोलपुर पुल से करीब आधा किलोमीटर दूर शव पड़ा हुआ देखे पुलिस को सूचित किया था। निसिग थाना प्रभारी रामफल ने बताया कि शिनाख्त नहीं हुई है। शव को 72 घंटे तक मर्चरी हाउस में शिनाख्त के लिए रखा जाऐगा। उसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाऐगा। तब पता चल सकेगा कि शव कितना पुराना है। हत्या है या हादसा, यह भी पता लगाया जाएगा। यदि शिनाख्त नहीं हुई तो शव को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए सामाजिक संस्था को सौंप दिया जाएगा।