ईवीएम में कैद हुआ प्रत्याशियों का भाग्य
जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में 10 लाख 89 हजार 788 मतदाता हैं। इनमें 5 लाख 76 हजार 886 पुरुष व 5 लाख 12 हजार 902 महिला मतदाता हैं। सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के साथ ही पोलिग बूथ पर उम्मीद अनुसार मतदाता नहीं आए। समय आगे बढ़ने के साथ-साथ मतदाता आने शुरू हो गए।
जागरण संवाददाता, करनाल : जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों में 64 प्रतिशत मतदाताओं ने 59 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद कर दिया। सर्वाधिक मतदान इंद्री विधानसभा क्षेत्र में 71.90 प्रतिशत रहा, असंध विधानसभा में 67.30, घरौंडा में 66.50, नीलोखेड़ी में 62.80 फीसद मतदान हुआ। वहीं करनाल विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 52.30 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले में ईवीएम में कुछ जगहों पर खराबी की सूचना आई, लेकिन उसे जल्द ही दुरुस्त कर दिया गया। मतगणना 24 अक्टूबर को की जाएगी।
सुबह मतदाताओं ने दिखाई बेरुखी, फिर बढ़ाया ग्राफ
जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में 10 लाख 89 हजार 788 मतदाता हैं। इनमें 5 लाख 76 हजार 886 पुरुष व 5 लाख 12 हजार 902 महिला मतदाता हैं। सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के साथ ही पोलिग बूथ पर उम्मीद अनुसार मतदाता नहीं आए। समय आगे बढ़ने के साथ-साथ मतदाता आने शुरू हो गए। दोपहर के समय मतदान का ग्राफ ऊपर बढ़ना शुरू हो गया। जिले में पांच हलकों में स्थापित 1142 बूथों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान किया गया।
सखी व पीडब्ल्यूडी बूथ को सराहा
जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के सात सखी बूथ और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए 6 पीडब्ल्यूडी बूथ भी बनाए गए। इंद्री, घरौंडा व असंध में एक-एक सखी बूथ व एक-एक पीडब्ल्यूडी बूथ पर मतदान हुआ। जबकि करनाल व नीलोखेड़ी में दो सखी बूथ पर मतदान हुआ। करनाल में एक पीडब्ल्यूडी व नीलोखेड़ी में दो पीडब्ल्यूडी बूथ पर मतदान हुआ। मतदाताओं ने इन बूथ की स्थापना के लिए निर्वाचन आयोग को साधुवाद दिया।
यहां होगी मतगणना
शाम छह बजे पोलिग समाप्त होने के बाद पोलिग पार्टियां स्ट्रांग रूम की तरफ रवाना होनी शुरू हो गई। करनाल विधानसभा की ईवीएम डीएवी पीजी कॉलेज, नीलोखेड़ी की दयाल सिंह कॉलेज, इंद्री की डीएवी स्कूल, घरौंडा की कर्ण स्टेडियम के स्केटिग हॉल और असंध के की एसबीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बने स्ट्रांग रूम में जमा हुई। 24 अक्टूबर को इन्हीं जगहों पर मतगणना होगी।