नहर में मिला दोनों पांव बंधा अज्ञात व्यक्ति का शव, अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
संवाद सूत्र कुंजपुरा गांव कलवेहड़ी के निकट आवर्धन नहर से शुक्रवार को अज्ञात व्यक्ति का
संवाद सूत्र, कुंजपुरा : गांव कलवेहड़ी के निकट आवर्धन नहर से शुक्रवार को अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ, जिसके दोनों पांव रस्सी से बंधे हुए थे। ऐसे में हत्या की आशंका जताई जा रही है। इसके चलते पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ हत्या का केस भी दर्ज कर लिया है तो वहीं शव गोताखोरों की मदद से नहर से बरामद कर कल्पना चावला राजकीय अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया लेकिन देर रात तक न उसकी शिनाख्त हो पाई और न ही मौत के बारे में पुलिस को कोई जानकारी हासिल हो पाई।
गांव कलवेहड़ी के पास आवर्धन नहर पर बने पुल में किसी अज्ञात व्यक्ति की गला-सड़ा हुआ शव फंसा देखकर राहगीरों ने गांव के सरपंच को बताया। सरपंच ने तुरंत कुंजपुरा पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही कुंजपुरा थाना प्रभारी मुनीष कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम व गोताखोर को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने गोताखोर की सहायता से शव को नहर से बाहर निकलवाया। शव के दोनों पांव रस्सी से बंधे हुए थे, जिसे देख हत्या की आशंका जताई जा रही है। एफएसएल टीम व पुलिस ने मौके पर बारीकी से क्राइम सीन की जांच की। आसपास के क्षेत्र से जुटा रहे जानकारी
थाना प्रभारी मुनीष कुमार का इस संबंध में कहना है कि हत्या की आशंका को देखते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी गई। आसपास क्षेत्र से लापता सभी व्यक्तियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का पता चल सकेगा।